शाजापुर16 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
24 सितंबर से बंद मंडी में 13 दिन बाद शहर की अनाज व सब्जी मंडी के सहित जिले की सभी मंडियों में फिर से नीलामी शुरू हो गई। अनाज मंडी में आवक कम रही और किसानों को उपज के दाम भी कम ही मिले। वहीं सब्जी मंडियों में जरूर औसत आवक रही। यहां भी प्याज और लहसुन के दाम नीचे रहे। प्याज के दामों में ठंड का असर भी दिख रहा है। इस सीजन में प्याज के मांग घट जाती है।
मंडी कर्मचारी और व्यापारियों की मांगों को लेकर अलग-अलग हड़ताल होने से प्रदेश की सभी मंडियों में नीलामी बंद थी। हड़ताल को चुनाव की वजह से लगी आचार संहिता के कारण टाला गया है और इस बार भी मंडी कर्मचारी और व्यापारियों को केवल आश्वासन ही दिया गया है। चुनाव बाद एक बार फिर अगर सरकारी तंत्र मांगों को नहीं मानता है तो फिर से मंडियों में हड़ताल हो सकती है।
1564 क्विंटल अनाज आया : मंडी कर्मचारी अनिल जैन ने बताया कि सोयाबीन की आवक 1090 क्विंटल रही और 2360 से 3687 रुपए क्विंटल तक बिकी। गेहूं की आवक 474 क्विंटल रही। इसके भाव 1307 से 1712 रुपए क्विंटल रहे। हड़ताल के बाद मंडी में बुधवार से नीलामी शुरू हुई है। इसकी जानकारी अब किसानों को दी जा रही है। गुरुवार से आवक बढ़ने की उम्मीद है।
सब्जी मंडी में 5 हजार कट्टे प्याज की हुई आवक
मंडी कर्मचारी जगदीश गवली ने बताया कि प्याज के भाव घटने का असर मंडी में दिखा। बुधवार को 5000 कट्टे की प्याज की आवक रही, जो 10 से 29 रुपए किलो तक बिका। छोटा प्याज 10 से 15 और सुपर प्याज 25 से 29 रुपए के बीच नीलाम हुआ। लहसुन के 350 कट्टे आवक रही जो 2000 से 9000 रुपए क्विंटल तक नीलाम हुआ। ठंड का सीजन शुरू हो चुका है। ऐसे में लहसुन के भाव जरूर सुधर सकते हैं। वहीं प्याज की मांग नहीं बढ़ने पर दाम और नीचे जा सकते हैं।