मुरैना19 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
376-डी मूवी का पाेस्टर लांच करते समाजसेवी।
- मुरैना के 2 युवाओं ने बनाई गैंगरेप पर आधारित मूवी 376-डी
गैंगरेप; आज यह शब्द देश के हर प्रांत में किसी न किसी हिस्से में क्रूरतम घटनाओं के साथ सुनने, पढ़ने व देखने में आ रहा है। गैंगरेप की घटनाओं के बाद पीड़िता को जस्टिस के लिए आंदोलन होते हैं, कैंडल मार्च तक निकलते हैं। लेकिन असल जिंदगी में न्याय पाने के लिए पीड़िता व उसके परिवार को किस तरह की मानसिक वेदना व सिस्टम की कमजोरी से जूझना पड़ता है, इसे फिल्मांकित किया है मुरैना के 2 युवाओं सुमित सिकरवार व रॉबिन सिकरवार ने। गैंगरेप पीड़िता की दर्द भरी जिंदगी को रेखांकित करने वाली मूवी 376-डी शुक्रवार को मुंबई में रिलीज हुई। समाजसेवी संस्था पहल से जुड़ीं सामाजिक कार्यकर्ता आशा सिकरवार, अभिभाषक जयनारायण तोमर, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राकेश माहेश्वरी, भाजपा नेता डॉ. मनु शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता शिल्पी जैन, पहल परिवार के रवि गुप्ता, नवल अग्रवाल ने शुक्रवार को 376-डी मूवी का पोस्टर लांच किया।
376-डी मूवी के निर्माता, निर्देश व स्क्रिप राइटर रॉबिन सिकरवार व गुजरात हाईकोर्ट के क्रिमिनल लॉयर सुमित सिकरवार मुरैना में ही पले-बढ़े हैं। शुरुआती शिक्षा-दीक्षा मुरैना में पूरी होने के बाद दोनों भाई कॅरियर के लिए बाहर सैटल हो गए। लेकिन सामाजिक कार्यकर्ता आशा सिकरवार के कन्या भ्रूण हत्या, महिला हिंसा जैसे मुद्दों से अक्सर जुड़ी रहीं। यहीं से आशा के भतीजे सुमित व रॉबिन के मन में गैंगरेप पीड़िता की असल परेशानियों पर आधारित मूवी 376-डी बनाने का ख्याल आया। इस मूवी में गैंगरेप की घटना के बाद पीड़िता सहित उसके परिजन को समाज, सिस्टम से किस तरह जूझना पड़ता है, यह दर्शाया गया है। लॉयर सुमित सिकरवार ने मूवी में भी लॉयर का किरदार निभाया है और पीड़िता को गैंगरेप की घटना के बाद सदमे से उबारने के अलावा कानूनी पचीदगियों से जूझते हुए जस्टिस दिलाने की पूरी स्टोरी को रेखांकित किया गया है।
शेमारू प्रोडक्शन ने खरीदे मूवी के राइट्स, आज रिलीज
मुरैना के युवाओं के निर्देशन में बनी गैंगरेप आधारित 376-डी मूवी के राइट्स मुंबई की फिल्म निर्माता कंपनी शेमारू प्रोडक्शन ने खरीदे हैं। शुक्रवार को मुंबई में यह फिल्म रिलीज हुई। कोरोना संक्रमण के चलते इस समय सिनेमाघर चालू नहीं हुए, ऐसे में इस मूवी को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रदर्शित किया जाएगा। फिल्म निर्माता रॉबिन सिकरवार ने बताया कि मूवी में अन्य कई कलाकारों को भी काम करने का मौका मिला है।