खिरकियाएक घंटा पहले
- कॉपी लिंक
- 38 किसानों के फर्जी बिल बनाकर किया गया था 54 लाख रुपए का भुगतान
चौकड़ी सोसाइटी में हुए चना खरीदी घोटाले के उजागर होने के बाद एक हफ्ते में 7 किसानों ने करीब 12 लाख रुपए वापस जमा कराए हैं। 8 से 26 मई के बीच 38 किसानों के नाम फर्जी बिल बनाकर 54 लाख रुपए का भुगतान कर दिया गया था। घपला उजागर होने के बाद प्रबंधक और उसके बेटों सहित 2 अन्य पर केस दर्ज होने तथा गिरफ्तारी के बाद सोसाइटी के खाते में संबंधित किसान राशि जमा करा रहे हैं। जिला सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक अनिल शर्मा ने बताया कि संदीप जयनारायण विश्नाेई सारंगपुर से 40 क्विंटल चना के 1 लाख 95 हजार रुपए, अशोक पिता मेहताब सिंह राजपूत पाहनपाट से 40 क्विंटल चना के 1 लाख 95 हजार रुपए, रामदास पिता दशरथ राजपूत खिरकिया से 40 क्विंटल चना उपज के 1 लाख 95 हजार रुपए, शैतान पिता दशरथ राजपूत खिरकिया से 40 क्विंटल चना के 1 लाख 95 हजार रुपए, रामनारायण पिता नत्थू देवड़ा नगावांमाल से 22 क्विंटल के 1 लाख 7250 रुपए, श्रीराम पिता रामेश्वर मालवीय प्रतापपुरा के 24 क्विंटल के 1 लाख 17 हजार रुपए, चंद्रप्रकाश पिता मौजीराम विश्नाेई हरपालिया के 40 क्विंटल चना के 1 लाख 95 हजार रुपए वापस जमा किए गए हैं।
इधर, आईजी ने तलब की चना खरीदी घोटाले की केस डायरी
आईजी जितेंद्र कुशवाह ने शुक्रवार काे चना खरीदी घोटाले की केस डायरी होशंगाबाद तलब की। टीआई व सब इंस्पेक्टर केस की डायरी लेकर आईजी ऑफिस पहुंचे। आईजी ने डायरी का अवलाेकन कर जरूरी निर्देश दिए। कहा कि यह मामला सीधे तौर पर शासन की राशि के दुरुपयोग का है। इसमें कोताही न रहें। काेई भी दाेषी बख्शा न जाए। साै प्रतिशत रिकवरी की जाए। इधर, आराेपी समिति प्रबंधक दिनेश बघेल व उसके दाेनाें बेटाें रोहित और सुमित की पुलिस रिमांड शनिवार तक समाप्त होगी। पुलिस शनिवार को तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करेगी।