अहमदाबाद: आईपीएल (IPL 2020) में एसएस धोनी (M.S Dhoni) के खराब प्रदर्शन ने बाद सोशल मीडिया पर उनकी 5 साल की बेटी को धमकी दी गई थी. जिसके बाद फैन्स काफी भड़क गए थे और इस घटना की जांच की मांग हो रही थी. अब खबर आई है कि धोनी की पांच साल की बेटी को कथित रूप से धमकी देने वाले 16 साल के युवा को गुजरात में मुंद्रा में पकड़ा गया है. पुलिस ने इसकी जानकारी दी है.
कच्छ पुलिस अधीक्षक सौरभ सिंह ने कहा है कि, ‘12वीं कक्षा के छात्र को धोनी की पत्नी साक्षी धोनी के इस्ंटाग्राम पर कुछ दिन पहले पोस्ट किए गए भद्दे धमकी के मैसेज के संबंध में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया’.
पुलिस ने कहा कि इस युवा ने स्वीकार किया है कि उसने कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच इंडियन प्रीमियर लीग 2020 मैच के बाद इंस्टाग्राम पर धमकी भरे संदेश पोस्ट किए थे.
सिंह ने कहा कि रांची पुलिस ने इस लड़के के संबंध में कच्छ (पश्चिम) पुलिस के साथ सूचना साझा की थी और उनसे पुष्टि करने के लिए पूछा था कि क्या इसी ने धमकी भरे संदेश पोस्ट किए थे.
उन्होंने कहा, ‘हमने रांची पुलिस की हमसे सूचना साझा किए जाने के बाद पूछताछ के लिए उसे हिरासत में लिया है और यह आरोपी कच्छ जिले में मुंद्रा का रहने वाला है’.
उन्होंने कहा, ‘हमने पुष्टि की कि यह लड़का वही है जिसने संदेश पोस्ट किए थे. उसे रांची पुलिस को सौंप दिया जाएगा’.
गौरतलब है कि आईपीएल 2020 में 7 अक्टूबर की रात को अबु धाबी के मैदान में केकेआर ने सीएसके को 10 रनों से हरा दिया था. इसके बाद महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी रावत (Sakshi Rawat) के इंस्टाग्राम अकाउंट पर उनकी बेटी को लेकर आत्तिजनक कमेंट्स किए गए थे.
(इनपुट-भाषा)