रतलाम9 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
- सुबह 8.30 बजे खुले जाएंगे शोरूम ताकि शुभ मूहूर्त में वाहनों की डिलेवरी दी जा सके, रात को 9.30 बजे तक खुले रहेंगे
शनिवार से नवरात्रि शुरू हो रही है। पहले दिन के लिए ऑटोमोबाइल सेक्टर में पांच करोड़ रुपए से ज्यादा के कारोबार की बुकिंग हो चुकी हैं। इसमें 80 फोर व्हीलर और 200 टू व्हीलर शामिल हैं। अष्टमी, नवमीं के साथ दशहरे के लिए भी बुकिंग शुरू हो गई है। इन तीनों दिन के लिए भी अभी से 250 से ज्यादा वाहन बुक हो चुके हैं। पूरी नवरात्रि में 1500 नए वाहनों के शहर की सड़कों पर आने की उम्मीद है। नवरात्रि में ऑटोमोबाइल सेक्टर में खरीदारी बढ़ेगी। लोगों ने पसंद के वाहन बुक करा दिए हैं। ज्यादा बुकिंग के चलते कारों के कई मॉडलों में वेटिंग चल रही है। इसके चलते लोगों को अपनी पसंद की कार खरीदने के लिए 15 दिन से 1 महीने तक इंतजार करना पड़ सकता है। ऑटोमोबाइल सेक्टर में दीपावली तक अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
लोगों में इस साल कारों की खरीदी को लेकर क्रेज ज्यादा
शो रूम पर दशहरे तक के लिए आ रही है बुकिंग
- पटेल मोटर्स के जीएम विष्णु सविता ने बताया नवरात्रि से दशहरे तक 125 वाहनों की बुकिंग हैं। जो शोरूम पर सीधे खरीदी के लिए आएंगे वो अलग रहेंगे। इस बार अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
- टीवीएस मोटर सुमीत कटारिया ने बताया नवरात्रि के पहले दिन की अच्छी बुकिंग है। नवरात्रि के अन्य दिनों में भी खरीदी के लिए बुकिंग आ रही है। लोगों को हम शुभ मुहूर्त में डिलेवरी देंगे।
- होंडा शोरूम के गुस्ताद अंकलेसरिया ने बताया नवरात्रि से लेकर दशहरे तक की बुकिंग है। पूरी नवरात्रि में वाहनों की अच्छी बिक्री होगी। दीपावली तक अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
फाइनेंस प्रक्रिया भी पहले कर रहे
शोरूम 10 बजे से खुल रहे हैं लेकिन नवरात्रि में सुबह 8.30 बजे से खुलने लगेंगे। रात 9.30 बजे बंद होंगे। आम दिनों में ये रात 8 बजे ही बंद हो रहे थे। शोरूम संचालकों ने बुकिंग प्रक्रिया की तैयारी के साथ फाइनेंस की प्रक्रिया पहले से रेडी कर रहे हैं ताकि शुभ मुहूर्त में ग्राहकों को डिलेवरी देने के दौरान कोई अड़चन न हो। इसके लिए बुकिंग के दौरान ही ग्राहकों से जरूरी कागजी प्रक्रिया भी पूरी करवा रहे हैं।
रजिस्ट्रियों की बुकिंग हुई – कई लोगों ने मकान, प्लाॅट खरीद लिए और इसके एवज में एडवांस राशि जमा करा दी है। वे रजिस्ट्री नवरात्रि में कराएंगे। इससे नवरात्रि के लिए रजिस्ट्री के लिए अभी से बुकिंग हो गई है। नवरात्रि में रजिस्ट्री के लिए 40 से ज्यादा बुकिंग हो गई है