Asia Cup 2025: कुछ घंटों में एशिया कप 2025 का आगाज हो जाएगा. पहला मुकाबला अफगानिस्तान और हॉन्ग-कॉन्ग के बीच है लेकिन शोर भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले का देखने को मिल रहा है. दोनों टीमों ने ‘महाजंग’ के लिए कमर कस ली है. एक पाकिस्तानी ऑलराउंडर टीम इंडिया के लिए मुसीबत बन सकता है. ये खिलाड़ी कभी बल्ले से विरोधियों को तहस-नहस करता है तो कभी अपनी फिरकी से बल्लेबाजों को नचाता है. इस ऑलराउंडर ने ट्राई सीरीज में अपने हरफनमौला प्रदर्शन से तबाही मचा डाली है.
10 सितंबर को पहला मुकाबला
भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ खेलेगी. 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान की टीमें एक-दूसरे से भिड़ेंगी. पाकिस्तान ने एशिया कप से पहले ट्राई सीरीज में हिस्सा लिया. फाइनल मैच में पाक टीम ने अफगानिस्तान को धूल चटाई. खिताबी जंग का हीरो वो ऑलराउंडर रहा जो पूरी सीरीज में पाकिस्तान की रीढ़ साबित हुआ.
कौन है ये ऑलराउंडर?
ये ऑलराउंडर कोई और नहीं बल्कि पाकिस्तान के मोहम्मद नवाज हैं. मोहम्मद नवाज ने ट्राई सीरीज के फाइनल मैच में 5 विकेट लेकर अफगानिस्तान को रनों की भीख मांगने पर मजबूर कर दिया. अफगान टीम 100 रन के लिए तरसती नजर आई. इस ट्राई सीरीज में नवाज ने 5 मुकाबले खेले जिसमें 10 विकेट अपने नाम किए इसके साथ ही 120 रन भी बनाए. ऐसे में इस ऑलराउंडर से भारत को सावधान रहना होगा. नवाज इन दिनों शानदार फॉर्म में दिखे.
ये भी पढे़ं.. Asia Cup से पहले पाकिस्तान की हुंकार… अफगानिस्तान को रौंदकर कप्तान का सीना चौड़ा, कहा- हम तैयार हैं..
क्या बोले कप्तान?
नवाज को लेकर कप्तान सलमान अली आगा ने कहा, ‘वापसी के बाद से ही नवाज बल्ले, गेंद और मैदान में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. मुश्किल हालात में मैं उनसे सलाह ले सकता हूं. जब भी जरूरत होगी, हम दो स्पिनरों के साथ खेलेंगे. हमने परिस्थितियों का आकलन किया और दो स्पिनरों के साथ खेलना हमारे लिए कारगर रहा. उनके स्पिनरों के खिलाफ खेलना हमारे लिए मुश्किल था. यह हमेशा एशिया कप की तैयारी के बारे में था. मुझे लगता है कि हम एक टीम के रूप में वास्तव में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. हमने अधिकतर लक्ष्य हासिल कर लिए हैं, हम अच्छी स्थिति में हैं और एशिया कप के लिए तैयार हैं.’