- Hindi News
- Local
- Mp
- Bhopal
- Shivraj Singh Chouhan | Madhya Pradesh By Election 2020; Digvijay Singh Attacks CM Shivraj Singh Chouhan On His BJP Party Contesting Candidates
भोपाल13 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने काफी दिनों बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर हमला बोला है।
- आरोप- सरकारी कर्मचारी और अधिकारियों का उपयोग कर रहे
- पार्टी को खुद ही अपने कार्यकर्ताओं पर विश्वास नहीं रह गया
मध्यप्रदेश में उपचुनावों को लेकर नेताओं की जुबानी जंग तेज होती जा रही है। कई दिनों की चुप्पी के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इतिहास में पहली बार ऐसे उपचुनाव हो रहे हैं, जिससे मौजूदा सरकार रहेगी या नहीं रहेगी। यह तय होगा। खुद शिवराज सिंह चौहान कह चुके हैं कि वे अभी टेंपरेरी मुख्यमंत्री हैं।
परमानेंट करने के लिए मुझे चुनाव जिताइए। ऐसे महत्वपूर्ण चुनाव में सरकार रहेगी या जाएगी यह चुनाव के नतीजों पर निर्भर करेगा। दिग्विजय सिंह ने चुनाव आयोग में भाजपा नेताओं के खिलाफ शिकायत देने के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की 28 में से 27 ऐसे उम्मीदवार बन गए हैं, जो कांग्रेस से जाकर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।
लगभग पौने दो साल पहले भारतीय जनता पार्टी ने उनके खिलाफ बैनर, पोस्टर लगाकर विरोध किया था। बेईमान तथा भ्रष्ट भी कहा था, लेकिन अब वही भाजपा के उम्मीदवार बन गए। ऐसी परिस्थिति में इन उम्मीदवारों और शिवराज सिंह को यह डर लगा हुआ है कि शायद भाजपा के कार्यकर्ता इन दलबदलू उम्मीदवारों को लेकर कोई विचार न कर लें। इसलिए भाजपा ने चुनाव का जिम्मा सरकारी अधिकारी कर्मचारी और पुलिस पर सौंप दिया है।
इसलिए आज चुनाव आयोग में शिकायत की
सुमावली क्षेत्र में कांग्रेस के कार्यकर्ता के घर में घुसकर तोड़फोड़ की गई, जिसका ऑडियो क्लिप भी सामने आया है। जिसमें उम्मीदवार गालियां दे रहा है। इसी तरह से कुछ और लोग भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में वोट डालने को कह रहे है। इसी तरह की अन्य शिकायतें हमने चुनाव आयोग से की हैं। हमें उम्मीद है चुनाव आयोग इस पर कार्यवाही करेगा। हमने आयोग से अनुरोध भी किया है कि कार्यवाही से हमें भी सूचित किया जाए।
सांवेर में पैसे बांटे जा रहे
उन्होंने आरोप लगाए कि सांवेर में आकाश विजयवर्गीय पैसे बांट रहे हैं। करेरा में जसवंत जाटव कह रहे हैं वोट नहीं दिया तो गर्दन मरोड़ दूंगा। इस तरह की शिकायतें हमारे पास आई है। इसलिए हमने चुनाव आयोग में शिकायत की है कांग्रेस पार्टी के 26 विधायकों ने तो लोकतंत्र बेच दिया, लेकिन हमें यह विश्वास है कि मध्यप्रदेश का प्रशासकीय तंत्र माननीय मुख्य सचिव से लेकर चपरासी तक तथा डीजीपी से लेकर सिपाही तक अपने आपको नहीं बेचेगा। हम लोगों को ऐसे सारे अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची बना रहे हैं। उपचुनाव में अपनी भूमिका को लेकर कहा कि उपचुनाव में दिग्विजय सिंह की भूमिका है कि भाजपा को हराओ ओर कांग्रेस को जिताओ।