अबुधाबी: मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2020) मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ आठ विकेट की प्रभावशाली जीत दर्ज करने के बाद कहा कि लक्ष्य का पीछा करते हुए ऐसी जीत शानदार है.
मुंबई इंडियंस के केकेआर को पांच विकेट पर 148 रन पर रोकने के बाद 16.5 ओवर में दो विकेट पर 149 रन बनाकर बड़ी जीत दर्ज की. मुंबई के लिए क्विंटन डीकॉक ने 44 गेंद में नाबाद 78 रन की पारी खेली.
रोहित ने मैच के बाद कहा, ‘लक्ष्य का पीछा करते हुए इस तरह की प्रभावशाली जीत दर्ज करना शानदार है. इससे हमारा आत्मविश्वास काफी बढ़ेगा’.
रोहित ने कहा कि टूर्नामेंट में अब बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम ज्यादा मैच जीतेगी. उन्होंने कहा, ‘मेरा मानना है कि बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम अब ज्यादा मुकाबले जीतेगी. इस मुकाबले में हमने पहली गेंद से ही प्रभावशाली गेंदबाजी की’.
रोहित ने मैच में 35 रन की पारी खेलने के साथ पहले विकेट के लिए डीकॉक के साथ 94 रन की साझेदारी की. उन्होंने कहा, ‘मुझे डीकॉक के साथ खेलना पसंद है. ज्यादातर समय वह अक्रामक रवैया अपनाता है और मैं उसका साथ देता हूं’.
डीकॉक ने अपनी नाबाद पारी में लेग साइड में कुछ करारे शॉट लगाये. इस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘मैं लेग साइड में अच्छे शॉट लगता हूं. ऐसा नहीं है कि मैंने इसके लिए कोई योजना बनाई थी लेकिन यह मेरे खेल का स्वाभाविक हिस्सा है’.
(इनपुट-भाषा)