इंदौर14 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
सिंगर शान ने भी इंदौरियों से कही अपने दिल की बात।
- रवींद्र नाट्यगृह में नए गीत को लांच किया गया, प्लास्टि प्रीमियर लीग की भी शुरुआत की
- स्वच्छता वीडियो में छप्पन दुकान, राजबाड़ा, खान नदी सहित शहरभर को दिखाया गया
स्वच्छता की थाम के डोरी, फिर से बनेगा ये सिरमौर.. हैट्रिक, चौका लगा दिया अब चारों ओर है शोर… पंच लगाएगा इंदौर… स्वच्छता का पंच… इसी गीत के साथ मंगलवार को नगर निगम ने स्वच्छता में 5वीं बार नंबर वन बनने की ओर कदम बढ़ा दिया। रवींद्र नाट्य भवन में स्वच्छता अभियान के लिए नए गीत को लांच किया गया। इस गाने को एक बार फिर से सिंगर शान ने आवाज दी है। इस मौके पर शान से भी इंदौरियों से बात की और उन्हें बधाई दी।

प्लास्टिक प्रीमियर लीग की शुरुआत भी की गई।
इंदौर स्वच्छता गीत के जरिए हर बार नया जोश भरता है। इसी कड़ी में इस बार निगम ने स्वच्छता का नया गीत लांच किया है। बुधवार से स्वच्छता का यह गीत शहर में घर-घर से कचरा लेने वाली कचरा गाड़ियों में बजेगा। गाने को बहुत ही खूबसूरत तरीके से फिल्माया गया है। इस वीडियो को छप्पन दुकान, राजबाड़ा, खान नदी सहित शहरभर में फिल्माया गया है। निगमायुक्त प्रतिभा पाल ने कहा कि इंदौर हर बार स्वच्छता में अपनी दावेदारी प्रस्तुत करता है। इस बार हमारा स्लोगन स्वच्छता में पंच है, इसी पर आधारित एक गीत को लांच किया गया है। इसे शान ने गया है, वे लगातार हमारे साथ जुड़े हुए हैं। हमें इस बार जो अचीव करना है, इस गाने में समाहित किया गया है। इसे सुनकर हम उसे अपने डेली रुटीन में शामिल कर सकें।
मैं भी आपके साथ स्वच्छता में जुड़ गया
सिंगर शान ने कहा कि स्वच्छता अभियान में इंदाैर पहले साल से ही नंबर वन है। पहले साल स्वच्छता में नंबर वन आने से पहले ही हमने इत्तेफाक से लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए गाना बनाया था। ऐसे में मैं भी इंदौर के स्वच्छता आंदोलन से जुड़ गया हूं। मुझे इंदौरियों पर गर्व है। वे जब भी मिलते हैं यही कहते हैं कि आप होंगे मुंबई वाले, लेकिन हमारा शहर स्वच्छता में नंबर वन है। स्वच्छता का ताज, यानी सबसे स्वच्छ और खूबसूरत शहर।