अबू धाबी: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) आईपीएल (IPL 2020) में 200 मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं. धोनी के बाद अब मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा के पास ये कीर्तिमान हासिल करने का मौका है.
स्टार खिलाड़ी रोहित शर्मा जल्द ही अपने 200 मैच पूरा करने वाले हैं. रोहित ने आईपीएल में अब तक 197 मैच खेले हैं.
39 साल के धोनी ने शेख जाएद स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सीजन के 37वें मैच में यह उपलब्धि हासिल की है. धोनी इसके साथ ही आईपीएल में 200 मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने इससे पहले 199 मैचों में 4568 रन बनाए हैं.
धोनी ने आईपीएल में अपने 200 मैच खेलने की उपलब्धि पर कहा, ‘आप इसके बारे में बात करते हैं, लेकिन मैं ही जानता हूं कि मैंने इसे कैसे हासिल किया है. यह एक अच्छा अहसास है, लेकिन साथ ही यह एक नंबर है. मैं बहुत ही भाग्यशाली हूं कि बिना किसी चोट के मैं इतने लंबे समय से खेल रहा हूं’.
बता दें कि तीसरे नंबर पर सुरेश रैना (Suresh Raina) हैं, रैना ने आईपीएल में 193 मैच खेले हैं. जिसके बाद इस लिस्ट में दिनेश कार्तिक का नाम शामिल है. उन्होंने 191 मैच खेले हैं. वहीं आरसीबी के कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) अबतक आईपीएल में 186 मैच खेल चुके हैं.
धोनी ने बतौर कप्तान आईपीएल में अब तक 184 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 107 मैच जीते हैं जबकि 75 हारे और एक का कोई परिणाम नहीं निकला है. वह आईपीएल में 100 से अधिक मैच जीतने वाले एकमात्र कप्तान हैं.
धोनी ने अपनी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स को अब तक तीन बार 2010, 2011 और 2018 में चैंपियन बनाया है।
(इनपुट-आईएएनएस)