BJP playing Dalit and women cards on the word item, Shivraj engaged in helping backward castes | आयटम शब्द पर दलित और महिला कार्ड खेल रही भाजपा, पिछड़ी जातियों को भी साधने में जुटे शिवराज

BJP playing Dalit and women cards on the word item, Shivraj engaged in helping backward castes | आयटम शब्द पर दलित और महिला कार्ड खेल रही भाजपा, पिछड़ी जातियों को भी साधने में जुटे शिवराज


भिंडएक घंटा पहले

  • कॉपी लिंक

मौ में मंच पर गोहद भाजपा प्रत्याशी रणवीर की मां को हाथ जोड़कर नमस्कार करते मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान।

  • शिवराज बनाम कमलनाथ चल रहे उपचुनाव में कांग्रेस के दिए मौके को भुनाने में जुटी भाजपा

आयटम वाले बयान पर भाजपा अब दलित, महिला कार्ड खेलने का प्रयास कर रही है। मंगलवार को अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित गोहद विधानसभा क्षेत्र के मौ कस्बे में आयोजित चुनावी सभा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस बयान को भुनाने की कोशिश करते हुए पिछड़ा वर्ग को भी साधने की कोशिश की। दरअसल इस सीट पर एक लाख से ज्यादा महिला मतदाता हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने 18 मिनट के भाषण में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की छवि महिला विरोधी बनाने की भरपूर कोशिश की। दरअसल गोहद विधानसभा में एक लाख से अधिक महिला मतदाता हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा नवरात्र चल रहे हैं। हम बेटियों की पूजा करते हैं। लेकिन कमलनाथ उन्हें आयटम बताते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे हाथ जब भी उठे हैं तो बहन बेटियों और माताओं चरण स्पर्श के लिए उठे हैं। जबकि कमलनाथ उनका अपमान करते हैं। शिवराज सिंह ने कमलनाथ को अहंकारी बताते हुए कहा कि उनके इस बयान पर उनकी पार्टी के शीर्ष नेता राहुल गांधी भी कह चुके हैं कि यह गलत है और दुर्भाग्यपूर्ण है। लेकिन अहंकार में डूबे कमलनाथ कहते हैं इसमें गलत क्या है। आयटम तो सभी है। शिवराज ने कहा कि क्या घर में किसी को आयटम कह दोगे, तो वो सहन कर लेगा क्या। शिवराज ने कटाक्ष करते हुए कहा कि कमलनाथ मुझे कलाकार बताते हैं। मेरी तुलना शाहरुख खान, सलमान खान से करते हैं। आखिर क्या वजह है कि कमलनाथ को शाहरुख, सलमान, जैकलीन और कैटरीना के नाम ही याद रहते हैं। उन्हें गांव के किसानों के नाम याद क्यों नहीं आते हैं।

पिछड़ा वर्ग को भी साधने कोशिश
मौ की सभा में एक बार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रीय लोक समता पार्टी छोड़कर आए डॉ. राजकुमार कुशवाहा का नाम लेते हुए कहा कि राजकुमार ने भी बहुत संघर्ष किया अब वे भाजपा में हैं। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की सरकार बनी तो पिछड़ा वर्ग का 27 प्रतिशत आरक्षण भी बरकरार रहेगा। साथ ही ओबीसी का संवैधानिक आयोग भी होगा। यहां बता दें कि गोहद में पिछड़ा वर्ग के 50 हजार और मेहगांव में 60 हजार से ज्यादा मतदाता हैं।

मौ के 45 परिवाराें के लिए किया इशारा
मौ की सभा में भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिना किसी घोषणा के इशारा किया कि अभी पूर्व विधायक रणवीर जाटव ने एक चिट्ठी देकर बताया कि मौ कस्बे में प्राकृतिक आपदा के चलते 40 से 45 मकान गिर गए हैं। लेकिन आचार संहिता के चलते वे कोई घोषणा नहीं कर सकते हैं। लेकिन मुख्यमंत्री ने नए मकान शब्द बोलकर कहा कि इशारा आप लोग समझ जाएं। वहीं उन्होंने अपने उदबोधन के दौरान यह भी इशारा किया कि मौ में महाविद्यालय भी होगा। यह दोनों ही मांगे मौ में काफी समय से उठ रही हैं।
अब रणवीर जाटव की मां भी आई मंच पर
पिछले दिनों गोहद में आए पूर्व सीएम कमलनाथ की चुनावी सभा के मंच पर कांग्रेस प्रत्याशी मेवाराम की मां के मंच पर आने के बाद मौ में सीएम की सभा में भाजपा प्रत्याशी रणवीर जाटव की मां भी मंच पर दिखाई दी। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया, मंत्री भारत सिंह कुशवाह, सांसद संध्या राय, जिलाध्यक्ष नाथू गुर्जर, भाजपा प्रत्याशी रणवीर जाटव, पूर्व विधायक रसाल सिंह, नरेंद्र सिंह कुशवाह, पूर्व मंडी अध्यक्ष अशोक सिंह, गोविंद सिंह यादव, दिनेश शिवहरे, सुल्तान मौर्य, हरनारायण कुशवाह, गोपाल कुशवाह मौजूद रहेे।



Source link