Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
ग्वालियर42 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
जुआ-सट्टा और शराब की लत से हंसता खेलता परिवार उजड़ गया। 7 महीने पहले पत्नी ने जुआ खेलने से रोका, तो पति ने गुस्से में गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद पछतावा हुआ, तो खुद ने भी फांसी लगा ली। घटना हरदौल नगर महाराजपुरा की थी। मामले में शनिवार को पुलिस ने हत्या और खुदकुशी का खुलासा किया है। मामले में मृतक पति पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
TI महाराजपुरा पीएस यादव ने बताया, थाना क्षेत्र के हरदौल नगर निवासी जितेन्द्र रजक और उसकी पत्नी की माधुरी रजक की सितंबर 2020 में संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। जितेन्द्र फांसी पर लटका मिला था, जबकि माधुरी का शव बेड पर पड़ा था। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। कई नजरिए से मामले की जांच की तो बहुत बातें निकलकर सामने आईं।
साथ ही, पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में माधुरी के गले घोंटने की पुष्टि हुई। इसके बाद पता लगा कि जितेन्द्र गुस्से का तेज था। वह जुआ-सट्टा और शराब का आदी था। इस लत से परिवार परेशान था। माधुरी उसकी इस लत का विरोध करती थी, तो वह मारता और पीटता था। जब नशा उतर जाता था, तो उसे अपनी गलती का अहसास भी होता था। घटना वाले दिन भी यही हुआ।
जुआ में रुपए हारने के बाद माधुरी ने उससे झगड़ा किया। इस पर उसने गुस्से में पत्नी का गला घोंट दिया, जब तक गुस्सा शांत हुई, माधुरी की मौत हो चुकी थी। पत्नी का शव देखकर उसे पछतावा हुआ। इसके बाद उसने खुद फांसी लगा ली। पुलिस ने पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर जितेन्द्र पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
गुस्से ने मासूम से छीन लिए मां-पिता
घटना में सबसे ज्यादा नुकसान जितेन्द्र और माधुरी की दो मासूम बेटियों वैष्णवी और तमन्ना का हुआ है। दोनों की उम्र 5 और 3 साल है। माधुरी बच्चियों के भविष्य के लिए जितेन्द्र को जुआ खेलने से रोकती थी, लेकिन उसका गुस्सा तेज हो जाता था। उसके इसी गुस्से की कीमत वैष्णवी और तमन्ना को चुकानी पड़ रही है। अब वह दादी के पास रह रही हैं।