- Hindi News
- Local
- Mp
- Bhopal
- Kamal Nath Item Remark Against BJP Imarti Devi; Election Commission Notice To Former Madhya Pradesh Chief Minister
भोपाल16 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
कमलनाथ आइटम वाले बयान पर घिरते नजर आ रहे हैं। हालांकि वह इस बयान पर खेद जता चुके हैं।
- रविवार को डबरा में चुनावी सभा में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मंत्री इमरती देवी को आइटम बोल दिया था
- जब इस पर हंगामा मचा तो कमलनाथ ने खेद जता दिया था, हालांकि राहुल गांधी ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई थी
शिवराज सरकार में मंत्री इमरती देवी को ‘आइटम’ कहना पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को भारी पड़ता दिख रहा है। केंद्रीय चुनाव आयोग ने कमलनाथ की इस आपत्तिजनक टिप्पणी पर नोटिस जारी किया है। आयोग ने उनसे 48 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा की गई टिप्पणी पर प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी डबरा में फूट-फूट कर रोई थीं। उन्होंने कहा था कि मैं कमलनाथ को भाई समझती थी, लेकिन वह राक्षस निकला।
कमलनाथ के इस बयान के बाद मध्य प्रदेश में हंगामा मचा। भाजपा ने कमलनाथ को घेरते हुए लगातार बयान दिए। शिवराज ने कमलनाथ को निर्लज्ज और अहंकारी नेता बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी माफी मांग रहे हैं, लेकिन कमलनाथ ने माफी नहीं मांगी। बता दें कि इस बयान पर कमलनाथ ने खेद जता दिया था, जबकि राहुल गांधी ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा था कि मुझे ऐसी भाषा पसंद नहीं हैं।
इमरती देवी के खिलाफ डबरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश राजे के लिए चुनाव प्रचार करते हुए कमलनाथ ने रविवार को कहा था, ‘डबरा से सुरेश राजे जी हमारे उम्मीदवार हैं। सरल स्वभाव के, सीधे-सादे हैं। ये तो उसके जैसे नहीं हैं। क्या है उसका नाम? इस बीच, वहां मौजूद जनता जोर-जोर से ‘इमरती देवी, ‘इमरती देवी कहने लगी।इसके बाद कमलनाथ ने हंसते हुए कहा था, ‘मैं क्या उसका (डबरा की भाजपा प्रत्याशी का) नाम लूं। आप तो उसको मेरे से ज्यादा पहचानते हैं। आपको तो मुझे पहले ही सावधान कर देना चाहिए था। ये क्या आइटम है?’