- Hindi News
- Local
- Mp
- Jabalpur
- Farmer Went To Get Treatment For Wife, Thief Took 35 Lakhs Of Gold And Silver Including Cash From Home
जबलपुर17 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
चोर आलमारी व पेटी में रखे 5.27 लाख रुपए नकदी सहित लाखों के जेवर समेट ले गए।
- पनागर क्षेत्र के केवलारी की घटना, गांव के ही कुछ लोगों पर संदेह
- शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में आठ जगह पर हुई चोरी की वारदात
दीवाली से पहले चोरों ने एक किसान को कंगाल बना डाला। किसान के सूने घर में दिनदहाड़े ताला तोड़कर चोर घुस गए। प्रत्येक कमरे को खंगाल डाला। चोर आलमारी व पेटी में रखे 5.27 लाख रुपए नकदी सहित लाखों के जेवर समेट ले गए। चोरी का ये सिलसिला पनागर कस्बे में भी दिखा। यहां पुलिस चौकी के पीछे चार दुकानों के ताले टूट गए। वहीं शहर में भी दो घरों को चोरों ने निशाना बनाया। त्यौहार से पहले लचर पुलिसिंग के चलते चोरी की वारदातों को लेकर लोगों में गुस्सा है।
पुलिस के अनुसार केवलारी निवासी सुरेंद्र पटेल क्षेत्र के सम्पन्न किसान हैं। उनकी दुकानें भी हैं। बुधवार दोपहर में वे ताला लगाकर पत्नी का इलाज कराने शहर गए थे। रात में लौटे तो गेट का ताला टूटा मिला। अंदर कमरों का सामान बिखरा था। आलमारियों के लॉक टूटे थे। घर में घुसे चोर 5.27 लाख रुपए नकद, 35 तोला सोना और चांदी के जेवर ले गए। किसान ने बताया कि बेटा पंकज सुबह ही पनागर स्थित कृषियंत्र की दुकान चला गया था।
गांव के ही कुछ लोगों पर संदेह
पुलिस की प्राथमिक जांच में गांव के ही कुछ लोगों पर चोरी की वारदात में शामिल होने का संदेह है। गांव के ही किसी व्यक्ति को मालुम रहा होगा कि किसान परिवार चार-पांच घंटों से पहले नहीं लौटेगा चोरी की बड़ी वारदात की खबर पर पहुंंची पुलिस ने एफएसएल और फिंगर प्रिंट टीम को बुलाया था। मौके पर ट्रैकर डॉग भी बुलाया गया था।
पुलिस चौकी के पीछे टूटे चार दुकानों के ताले
पनागर बस स्टैंड में बनी पुलिस चौकी के पीछे बने मार्केट की चार दुकानों के ताले टूटे मिले। मार्केट की दुकान नम्बर 39 अभिलेश पटेल की है। मोबाइल दुकान चलाने वाले अभिषेक के मुताबिक चोर उनके यहां से 32 हजार रुपए कीमत के सात मोबाइल और 9700 रुपए नकद चोरी करले गए। इसी तरह मार्केट के राजा यादव की मेंस वेयर, नरेश की दुकान और केशलाल भगत के कार्यालय का भी ताला टूटा मिला।
एक अन्य घटना में परिजन सोते रहे, चोर खंगाल ले गए घर
अधारताल में चोरों ने एक घर में परिजनों की मौजूदगी में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आनंद नगर निवासी मोहम्मद शमीम ने गुरुवार को थाने पहुंच कर चोरी की शिकायत दर्ज कराई। बताया कि वह मिस्त्री का काम करता है। 18 अक्टूबर की रात 10 बजे खाना खाकर परिवार के सभी सदस्य सो गए। वह और उसका बेटा अंदर के कमरे में थे। उसकी पत्नी रुखसाना, बेटी खुनशुमा को लेकर रोड तरफ वाले कमरे में सो रही थी। दरवाजे पर बंद कूलर रखा था।
बेटे के शोर मचाने पर छत से कूद कर भागा
रात 2.30 बजे बेटा अजीम खटपट की आवाज पर जग गया। देखा तो एक 22 वर्षीय युवक घर के अंदर से भाग रहा था। चिल्लाने पर वह छत से रोड की ओर कूद कर भाग गया। देखा तो आलमारी खुली थी और सारा सामान बिखरा था। आलमारी में रखा सोने का एक हार, कान की झुमकी, दो अंगूठी, चांदी की एक जोड़ी पायल, हाथ मेंहदी, एक बैग में रखा पांच पत्ती सोने का हार, चांदी का छल्ला, 40 हजार रुपए नकद, तीन मोबइल गायब थे।
गोहलपुर में घर से चुरा ले गए टीवी
वहीं गोहलपुर के कृष्णा कॉलोनी में चोर आशीष जागेश्वर प्रसाद के घर में लगी एलईडी टीवी चुरा ले गए। परिजनों को इसकी भनक तक नहीं लगी। गुरुवार सुबह परिजनों को चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद वे गोहलपुर थाने पहुंचे और चोरी की शिकायत दर्ज कराई।
उधर, पाटन में गोदाम से 100 बोरी उड़द चोरी-पाटन के एक गल्ला व्यापारी के गोदाम से चोरों ने 100 बोरी उड़द पार कर दी। पुलिस के अनुसार गुरु पिपरिया निवासी विनय अग्रवाल का पाटन बाजार मोहल्ला में गोदाम है। गोदाम का ताला तोडकऱ चोर उड़द की बोरियां चुरा ले गए।