मध्य प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस में सीधी टक्कर है. (सांकेतिक तस्वीर)
मध्य प्रदेश में 28 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव (MP By-Election) हो रहा है, जिसको लेकर कांग्रेस और भाजपा में जोरदार टक्कर है. यही नहीं, चुनाव में एक-दूसरे की शिकायतों को दायरा भी बढ़ता जा रहा है. इस बीच, भाजपा की शिकायत पर महिला सरपंच के पति पर आपराधिक मामला दर्ज किया गया है.
ये है पूरा मामला
हातोद पुलिस थाने के प्रभारी अनिल यादव ने सोमवार को बताया कि सांवेर विधानसभा क्षेत्र के एक सहायक रिटर्निंग अधिकारी की रिपोर्ट पर गोपाल पांचाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. यह मामला भारतीय दंड विधान की धारा 188 (किसी सरकारी अधिकारी का आदेश नहीं मानना) और 171-एच (चुनावों के संबंध में अवैध भुगतान) के तहत रविवार को दर्ज किया गया. उन्होंने बताया कि गोपाल पांचाल, इंदौर शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर कांकरिया बोर्डिया गांव की सरपंच कृष्णा पांचाल के पति हैं. इस बीच, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता उमेश शर्मा ने बताया कि उन्होंने शनिवार को एक निर्वाचन अधिकारी को शिकायत की थी कि सरपंच पति ने मतदाताओं को नकद राशि का लालच देकर सांवेर क्षेत्र के कांग्रेस उम्मीदवार प्रेमचंद गुड्डू के पक्ष में मतदान प्रभावित करने की कोशिश की है. शर्मा ने बताया कि उन्होंने निर्वाचन अधिकारी के सामने अपनी शिकायत के साथ पांचाल का संबंधित वीडियो भी प्रस्तुत किया था.
कांग्रेस ने कही ये बातउधर, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता नीलाभ शुक्ला ने कहा कि भाजपा जिस वीडियो को लेकर झूठे आरोप लगा रही है, उसमें साफ देखा जा सकता है कि सरपंच पति हंसी-ठिठोली के दौरान फोटो खिंचवाने की मुद्रा में एक व्यक्ति को नोट थमा रहा है और चंद ही पलों में इसे वापस भी ले रहा है. यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि इसके बावजूद उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है. उन्होंने पुलिस-प्रशासन पर उपचुनावों के दौरान सत्तारूढ़ भाजपा के दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए मांग की कि सरपंच पति के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी वापस ली जाए.
आपको बता दें कि सांवेर, राज्य के उन 28 विधानसभा क्षेत्रों में शामिल है जहां तीन नवंबर को उप चुनावों का मतदान होना है.अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सांवेर सीट पर भाजपा ने गुड्डू के खिलाफ राज्य के पूर्व जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट को बतौर उम्मीदवार मैदान में उतारा है.