इंदौर13 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
गुलाबी ठंड की दस्तक
अक्टूबर जैसे-जैसे खत्म हो रहा है, तापमान में कमी आ रही है। दशहरा की रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। तापमान 16.9 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। हालांकि यह भी सामान्य से 1 डिग्री अधिक था। अब रात 9 से सुबह 8 बजे तक मौसम में ठंडक महसूस हो रही है।
न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री तक जाने के आसार हैं। उत्तर की तरफ से ठंडी हवा भी आना शुरू हो जाएगी। मानसून अब प्रदेश से पूरी तरह विदा हो चुका है। इस समय पश्चिमी विक्षोभ भी असर नहीं दिखा रहे हैं। इसका मतलब यह है कि ठंड हर दिन के साथ बढ़ती जाएगी। सुबह 9 से शाम 4 बजे तक धूप असरदार रहेगी, फिर तापमान तेजी से कम होने लगेगा।
पिछले साल के मुकाबले जल्दी आमद
पिछले साल इस समय मौसम एकदम उलटा था। बादल छाए हुए थे। बारिश भी हो रही थी। दिन का तापमान सामान्य से 6 डिग्री कम होकर 29 डिग्री रिकॉर्ड हो रहा था, लेकिन रात के वक्त पारा 20 से 21 डिग्री बना हुआ था। ठंड का असर 10 नवंबर से दिखना शुरू हुआ था।