- Hindi News
- Local
- Mp
- Gwalior
- 3.80 Lakh Property Not Given, Municipal Corporation Has Attached 8 Flats, Now Preparing For Auction
ग्वालियर10 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
संपत्तिकर जमा न करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। रामदास घाटी ( शिंदे की छावनी) के पास बनी मल्टी स्टोरी के मालिक चंद्रप्रकाश ने सालों से निगम को संपत्तिकर नहीं दिया। यह राशि 3.80 लाख से ज्यादा की हो गई। नगर निगम के अपर आयुक्त मुकुल गुप्ता ने बुधवार को मां पीतांबरा मल्टी स्टोरी पर पहुंचकर पहली कार्रवाई की शुरूआत की।
उन्होंने मल्टी के आठ फ्लैट की कुर्की कर सील कर दिए। नगर निगम की पहली सूची में 102 संपत्ति स्वामियों के नाम हैं। अपर आयुक्त श्री गुप्ता अपनी टीम को लेकर मल्टी पर पहुंचे। यहां पर संपत्ति मालिक को तलाशा गया। वह नहीं मिला। उनका मुनीम और स्टाफ मिला। इसके बाद अधिकारियों ने मल्टी के आठ फ्लैट को सील करने की कार्रवाई शुरू की।
यदि संपत्तिकर जमा नहीं तो नीलाम होंगे फ्लैट मां पीतांबरा मल्टी के बिल्डर के स्वामित्व के 8 फ्लैट का संपत्तिकर 3,80528 रुपए जमा न होने के कारण बिल्डर को निगम की ओर से निगम विधान की धारा 173 एवं 174 के नोटिस जारी कर बकाया राशि जमा करने को कहा। इसके बाद भी बिल्डर के द्वारा निगम बकाया जमा नहीं किया।
बकायादारों पर 1.55 करोड़ का संपत्तिकर
पिछले दिनों आयुक्त संदीप माकिन ने संपत्तिकर अमले की मीटिंग ली थी। उसमें उन्होंने समीक्षा के दौरान पाया कि 21 करोड़ रुपए आए हैं। उन्होंने 31 अक्टूबर तक संपत्तिकर की 30 करोड़ रुपए की राशि जमा करने के निर्देश दिए।
अभी निगम ने पहली सूची दक्षिण विधानसभा की तैयारी की। इसमें 102 लोग शामिल हैं। इन पर 15504834 रुपए की राशि बकाया है। बकायादारों में शिखा वाटिका मैरिज गार्डन, रॉयल मैरिज गार्डन, बालाजी एसोसिएट, सर्वहारा गृह निर्माण सहकारी समिति, मप्रविमं स्टेशन गोल पहाड़िया, सिविल हास्पिटल सर्वेंट क्वाटर आदि शामिल हैं।
नोटिस दिए : निगम के अपर आयुक्त मुकुल गुप्ता का कहना है कि जो सूची तैयार हुई है उन सभी बकायादारों को नोटिस दे दिए गए हैं। यदि वे संपत्तिकर जमा नहीं करेंगे, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभी 102 लोगों की सूची बनाई गई है।