- Hindi News
- Local
- Mp
- Ratlam
- Farmers Stopped Onion Due To The Fall In Prices, Many Farmers Who Came To Sell Onion In The Mandi, Withdrew The Trolleys
रतलामएक दिन पहले
- कॉपी लिंक
- स्टॉक लिमिट घटाने के बाद थोक मंडी में प्याज 67 से घटकर 48 रुपए प्रतिकिलो पर आया
केंद्र सरकार द्वारा स्टॉक लिमिट तय करने से प्याज के दाम लगातार कम हो रहे हैं। बुधवार को तो इसके दाम 48 रुपए प्रतिकिलो पहुंच गए। लगातार भाव गिरने से मंडी में प्याज की आवक भी घट गई है। एक दिन पहले मंगलवार को मंडी में जहां 6,936 क्विंटल प्याज की आवक थी। वहीं दाम गिरने से मंडी में आवक घटकर 4,134 प्रति क्विंटल ही रह गई है। वहीं मंडी में प्याज बेचने आने वाले किसानों में से कई किसान तो भाव सुनकर ही प्याज से भरी ट्रालियां वापस ले गए। बुधवार को 40 से ज्यादा किसान भाव सुनकर अपनी ट्राॅलियां वापस ले गए। इनमें मलवासा, धराड़, बिरमावल सहित अन्य स्थानों के किसान शामिल हैं। इससे मंडियों में आवक घट गई। इसके पहले स्टॉक लिमिट तय नहीं होने से थोक मंडी में प्याज के दाम 67 रुपए प्रतिकिलो तक पहुंच गए थे। केंद्र सरकार द्वारा प्याज की लिमिट तय करने के बाद से अब तक दाम में 19 रुपए प्रतिकिलो की गिरावट आई है।
आगे क्या
संघर्षशील लहसुन प्याज मंडी युवा व्यापारी संघ के अध्यक्ष निलेश बाफना ने बताया प्याज की डिमांड अच्छी है और उसकी तुलना में उत्पादन नहीं है। राजस्थान में भी प्याज का उत्पादन कम आ रहा है। इससे स्टॉक लिमिट लगाने से भले ही प्याज के भाव कम हो गए हैं। लेकिन आगे अब ज्यादा कम होने की संभावना नहीं लग रही है और आगे भी प्याज अब इसी के आसपास के भाव में बिकेगा।
अनाज मंडी में एक घंटे रुकी रही नीलामी
4,196 रुपए प्रति क्विंटल बिकी सोयाबीन, कर्मचारी ने पर्ची में गलती से लिखा 4,996 रुपए, अड़ा किसान
रतलाम | अनाज मंडी में खाचरौद के पास के गांव का किसान शिवराम 30 क्विंटल सोयाबीन लेकर मंडी में बेचने आया। सोयाबीन की नीलामी 4,196 रुपए प्रति क्विंटल में हुई। लेकिन कर्मचारी ने पर्ची पर 4,996 रुपए का भाव लिख दिया। बाद में जब गलती पकड़ में आई और कर्मचारी इसे सुधारने लगा तो किसान अड़ गया बोला मैं तो इसी भाव पर बेचूंगा। मेरी सोयाबीन 4,996 रुपए के हिसाब से खरीदी जाए। जब वो नहीं माना तो नीलामी रुक गई। इससे एक घंटे तक नीलामी रुकी रही और अन्य किसान परेशान होते रहे। इसके बाद सहायक सचिव एसएन गोयल ने किसान को समझाया और कहा 4,996 रुपए प्रति क्विंटल भाव से तो पूरी मंडी में सोयाबीन ही नहीं बिकी है। इसके बाद भी नहीं माना और किसान ने नीलाम पर्ची निरस्त कर अपना माल वापस लेकर चला गया। इसके बाद नीलामी चालू हुई।