- Hindi News
- Local
- Mp
- Madhya Pradesh Ujjain Choti Kali Sindh River Bridge Accident Update; Here’s Latest News
उज्जैन12 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
स्लैब डालते समय ब्रिज का एक हिस्सा जमींदोज हो गया।
उज्जैन जिले की तराना तहसील में आगर रोड स्थित पाट के पास गुरुवार शाम एक निर्माणाधीन ब्रिज का हिस्सा ढह गया। हादसे में पांच मजदूरों के घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि छोटी कालीसिंध नदी पर नए ब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। गुरुवार को एक हिस्सा पर स्लैब डालने का काम चल रहा था। इसी स्लैब आधा ही डला था कि अचानक भरभराकर ब्रिज गिर गया। स्लैब के ऊपरी हिस्से में काम कर रहे मजदूर इसी के साथ नीचे गिरकर घायल हो गए। जिन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में घायल मजदूरों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
मिली जानकारी अनुसार आगर रोड पर पाट गांव में छोटी काली सिंध नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल पर कांक्रीट डालने का काम चल रहा था। शाम के समय अचानक करीब 15 मीटर का हिस्सा धराशायी हो गया। पुल के साथ ही 5 मजदूर नीचे गिरकर घायल हो गए। इन्हें तत्काल उज्जैन के सीएचएल अस्पताल पहुंचाया गया। ब्रिज के धराशायी होते ही कांग्रेस विधायक महेश परमार कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंच गए और ब्रिज की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए धरने पर बैठ गए। उन्होंने शिवराज सरकार को कोसते हुए कहा कि यह बस भाजपा नेताओं और अधिकारियों की मिलीभगत का नतीजा है। धरने बैठे लोगों की मांग थी कि भ्रष्ट्राचारियों पर कार्रवाई की जाए। घटिया निर्माण कार्य बिल्कुल भी नहीं चलेगा। ब्रिज के गिरने की सूचना पर कलेक्टर आशीष सिंह भी मौके पर पहुंचे। सेतु निगम के कार्यपालन यंत्री एसके अग्रवाल का कहना है कि पुल के ट्रस पर काॅन्क्रिटिंग का काम चल रहा था। ब्रिज का हिस्सा आखिर कैसे ढहा, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार निर्माणाधीन पुल का स्लैब का एक हिस्सा ढह गया था। सीएचएल अस्पताल में पांच लोगों को भर्ती करवाया गया है।

विधायक महेश परमार विरोध स्वरूप धरने पर बैठे।