- Hindi News
- Local
- Mp
- Bhopal
- Cartoon Row; Congress MLA Arif Masood Targeted By Rameshwar Sharma Today In Madhya Pradesh Bhopal
भोपाल30 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मध्य प्रदेश विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
- शर्मा ने कहा- हमारा शहर और प्रदेश शांति का टापू है, आरिफ मसूद यहां डर का माहौल बनाना चाहते हैं
- पीएम मोदी फ्रांस का समर्थन कर रहे हैं, इधर इकबाल मैदान में हजारों लोगों का विरोध में एकत्र होना राजद्रोह नहीं तो क्या है?
फ्रांस से उठे कार्टून विवाद के बाद राजधानी भोपाल में फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों के विरोध में इकबाल मैदान में गुरुवार को हजारों लोग एकत्र हो गए। इस मामले में विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन की शह पर विधायक ने यह प्रदर्शन करवाया था। वास्तव में मसूद शहर का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। वह डर का माहौल बनाना चाहते हैं। उनके खिलाफ राजद्रोह का मुकदमा लगना चाहिए।
प्रोटेम स्पीकर ने कहा कि इस मामले में भोपाल पुलिस और जिला प्रशासन की भूमिका सवालों के घेरे में है कि आखिर कैसे इतने सारे लोग बिना अनुमति के जमा हो गए? उन्होंने कहा कि अनुमति नहीं होने के बाद भी इतनी बड़ी संख्या में लोग कैसे एकत्र हो गए। मसूद पर देशद्रोह की धाराओं में मुकदमा क्यों नहीं दर्ज हुआ है। मसूद ने शहर के साम्प्रदायिक सौंदर्य को खत्म करने की कोशिश की है।
जान से मारने की धमकी पर पुलिस कार्रवाई संतोषजनक नहीं
रामेश्वर शर्मा ने रविवार को जान से मारने की धमकी पर पुलिस कार्रवाई पर असंतोष जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें जावेद अख्तर नाम के शख्स ने उनके फेसबुक एकाउंट पर जान से मारने की धमकी दी थी। उनके निर्देश पर विधानसभा के संचालक, सुरक्षा ने रविवार दोपहर करीब दो बजे भोपाल पुलिस को इस बारे में शिकायत कर एफआइआर के लिए कहा था। ये सीधे-सीधे कत्लेआम की धमकी है, लेकिन इसमें पुलिस ने जो धाराएं लगाई हैं, वो कमजोर हैं।
‘मसूद ने भोपाल में आतंकवाद का तांडव किया’
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने इस मामले को लेकर विधायक आरिफ मसूद पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कि विधायक मसूद ने भोपाल में प्रदर्शन नहीं किया, बल्कि आतंकवाद का तांडव किया है। इस मामले में दुर्भाग्य है कि कांग्रेस ने अब तक मसूद के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी इस मामले में मसूद का साथ दे रहे हैं। सच तो यह है कि कांग्रेस हमेशा आतंकवाद और गुंडागर्दी का साथ देने वाली पार्टी रही है।
‘आरिफ मसूद को राष्ट्रद्रोह का आरोपित बनाया जाए’
पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया ने विधायक मसूद की गिरफ्तारी को पर्याप्त नहीं बताया है। पवैया ने अपने ट्वटिर हैंडल पर ट्वीट कर लिखा है कि मजहबी उन्माद का जहर खोलने वाले विधायक मसूद की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है। उनकी विधानसभा की सदस्यता खारिज की जाए और राष्ट्रद्रोह का अपराधी बनाया जाए। साथ ही मुनव्वर राणा जैसे छद्म लोगों का बहिष्कार किया जाए। वैश्विक कट्टरपंथ और आतंकवाद के हिमायतियों को देश बर्दाश्त नहीं करेगा।
ये है फ्रांस का में विवादित कार्टून का मामला
फ्रांस में पैगंबर के कार्टून को लेकर उठे विवाद के बाद विधायक आरिफ मसूद ने भोपाल में गुरुवार को प्रदर्शन किया था। इसे लेकर विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर ने कहा था कि फ्रांस के मामले में यहां प्रदर्शन का क्या औचित्य है। जिसे प्रदर्शन करना है, वो फ्रांस चला जाए। इसे लेकर जावेद अख्तर नाम के व्यक्ति ने शर्मा के फेसबुक एकाउंट पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। इस पर भोपाल क्राइम ब्रांच ने मामला दर्ज कर लिया है। विरोध प्रदर्शन फ्रांस में पैगंबर मोहम्मद का विवादित कार्टून बनाने और वहां के राष्ट्रपति के बयान को लेकर हो रहा है।