MP By-Election: कमलनाथ की वोटर्स से अपील- यह साधारण चुनाव नहीं, बल्कि…

MP By-Election: कमलनाथ की वोटर्स से अपील- यह साधारण चुनाव नहीं, बल्कि…


कमलनाथ ने जनता से अपील की है.

MP By-Election Voting: मध्य प्रदेश में 28 सीटों पर मंगलवार को उपचुनाव (By-election) के तहत सुबह 7 बजे से ही वोटिंग शुरू हो गई है. इस बीच, पूर्व सीएम कमलनाथ ने आमलोगों से खास अपील की है.

भोपाल. मध्य प्रदेश में 28 सीटों पर मंगलवार को उपचुनाव (By-election) के तहत सुबह 7 बजे से ही वोटिंग शुरू हो गई है. कांग्रेस (Congress) से बागी होकर विधायकों के इस्तीफे के बाद खाली हुई इनमें से 25 सीटों को लेकर बयानबाजियों का दौर अब भी जारी है. पूर्व सीएम व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ (Kamal Nath) ने वोटर्स से अपील की है. कमलनाथ ने एक ट्वीट कर उपचुनाव में जनता के मतों को साधने की कोशिश की है. उन्‍होंने कहा कि यह साधारण चुनाव नहीं है.

कमलनाथ ने ट्वीट कर लिखा- आज वो अवसर आ गया है, जब हमें अपने बहुमूल्य मत का उपयोग कर सच्चाई का साथ देना है. यह उपचुनाव कोई साधारण चुनाव नहीं है. यह चुनाव प्रदेश के भविष्य की दशा-दिशा तय करेगा. देश भर में स्वच्छ, नैतिक व ईमानदार राजनीति का संदेश देगा. आपका एक-एक मत लोकतंत्र व संविधान की रक्षा में सहभागी बनेगा, जनमत का सम्मान बढ़ायेगा, प्रदेश के नवनिर्माण में सहभागी होगा और अवसरवादी ताक़तों को सबक़ सिखाएगा.

‘बगैर प्रलोभन में आए करें वोट’
कमलनाथ ने अपील करते हुए लिखा, ‘निर्भीक होकर, बग़ैर किसी प्रलोभन में आये, प्रदेश की एक नई तस्वीर व पहचान बनाने के लिये मतदान अवश्य करें.’ बता दें कि मध्य प्रदेश में कमलनाथ सरकार के दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया बागी हो गए थे. उनके साथ दो दर्जन से ज्‍यादा विधायक भी थे. सिंधिया के साथ ही कांग्रेस के 25 विधायक इस्तीफा देकर बीजेपी में शामिल हो गए. इसके बाद कमलनाथ की सरकार गिर गई थी. 25 विधायकों के इस्तीफे और 3 के निधन के बाद खाली 28 सीटों पर मंगलवार को उपचुनाव हो रहा है.





Source link