MP by-polls 2020: उपचुनाव के मतदान के बीच ज्योतिरादित्य सिंधिया का ऑडियो हुआ वायरल.
MP By-election Voting: मध्य प्रदेश उपचुनाव के लिए जारी मतदान के बीच अशोक नगर में BJP नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के वायरल ऑडियो से सियासी हलचल तेज हुई. News 18 हिंदी इस वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है.
उपचुनाव के लिए हो रहे मतदान के दिन ज्योतिरादित्य सिंधिया का यह वायरल ऑडियो ग्वालियर-चंबल इलाके में कांग्रेस और बीजेपी के बीच कड़े चुनावी संघर्ष की ओर इशारा कर रही है. आपको बता दें कि ग्वालियर-चंबल का इलाका सिंधिया के प्रभाव वाला क्षेत्र माना जाता है. लेकिन एमपी उपचुनाव के सियासी रण में इस इलाके में कांग्रेस पार्टी लगातार अपने अभियानों से बीजेपी को कड़ी टक्कर दे रही है. ऐसे में ऐन मतदान के दिन सिंधिया का ऑडियो वायरल होने से सियासी गहमा-गहमी लाजिमी है.
इस वायरल ऑडियो में ज्योतिरादित्य सिंधिया की बातचीत किसी विपिन पाटनी नाम के शख्स से हो रही है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस ऑडियो में सिंधिया उस शख्स से चुनाव में मदद करने का आग्रह कर रहे हैं. उन्हें यह कहते सुना जा सकता है, ‘विपिन, चुनाव में पूरी तरह से जुट जाओ, मेरी प्रतिष्ठा दांव पर है, तो मेरे निवेदन पर सब लोग साथ दो.’ इसके साथ ही सिंधिया उस शख्स की किसी बात पर यह भी कहते सुने जा सकते हैं कि ‘आपके परिवार की श्रद्धा पूरे सिंधिया परिवार के प्रति रही है, तो आप चिंता मत करिए, मैं पूरा न्याय करवाऊंगा.’