दुबई: आईपीएल 2020 (IPL 2020) में आज से प्लेऑफ का दौर शुरू हो रहा है. आज मुंबई इंडियंस (MI) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) पहले क्वालीफायर में एक दूसरे को कांटे की टक्कर होगी.
आईपीएल में चार बार के चैंपियन मुंबई की टीम को लीग चरण में हराना आसान नहीं रहा लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों 10 विकेट की हार से उसका थोड़ी लय गड़बड़ा गई है.
दूसरी तरफ अपने पहले खिताब की कवायद में लगे दिल्ली ने लगातार चार मैच गंवाने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को छह विकेट से हराकर दूसरा स्थान हासिल किया. इस जीत से निश्चित तौर पर उसका मनोबल बढ़ा होगा.
इससे पहले लीग चरण में मुंबई ने दिल्ली को दोनों मैच में हराया था लेकिन रोहित ने कहा कि वह इतिहास है.
रोहित ने कहा ,‘यह मजेदार प्रारूप है जिसमें लगातार अच्छा खेलना होता है. आप दिल्ली कैपिटल्स पर मिली दो जीत को याद करना चाहोगे लेकिन हमें वर्तमान में जीना है और लगातार सुधार करना है’.
मुंबई इंडियंस
मुंबई की टीम के लिए सकारात्मक पहलू उसके कप्तान रोहित शर्मा की वापसी है जो हैमस्ट्रिंग के कारण चार मैचों में नहीं खेल पाए थे. यह स्टार सलामी बल्लेबाज हालांकि सनराइजर्स के खिलाफ जल्दी पवेलियन लौट गया था.
मौजूदा चैंपियन के पास आक्रामक बल्लेबाज हैं और बेहतरीन गेंदबाज हैं लेकिन सनराइजर्स के खिलाफ उसके बल्लेबाज नहीं चल पाया थे. उसके गेंदबाजों को भी विकेट नहीं मिल पाया था और महत्वपूर्ण मैच से पहले यह उनके लिए अच्छा सबक रहा कि किसी भी मैच को सहजता से नहीं लेना चाहिए.
मुंबई के शीर्ष क्रम ने अच्छा प्रदर्शन किया है. युवा ईशान किशन प्रमुख बल्लेबाज के रूप में उभरे हैं. क्विंटन डिकॉक अपनी शानदार फॉर्म जारी रखने के लिये तैयार होंगे. इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने अपनी भूमिका बखूबी निभाई है.
लंबे शॉट खेलने में माहिर हार्दिक पांड्या, कीरोन पोलार्ड और क्रुणाल पांड्या ने जरूरत पड़ने पर अपने कौशल का बखूबी प्रदर्शन किया है. पोलार्ड ने सनराइजर्स के खिलाफ भी चार छक्के लगाए थे.
मुंबई ने अपने मुख्य गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट को सनराइजर्स के खिलाफ विश्राम किया था. इन दोनों ने शुरुआत और डेथ ओवरों में घातक गेंदबाजी की है. राहुल चाहर और क्रुणाल को दिल्ली के खिलाफ मैदान पर उतरने से पहले सनराइजर्स के डेविड वार्नर और ऋद्धिमान साहा के हाथों हुई धुनाई को भूलना होगा.
मुंबई इंडियंस की संभावित प्लेइंग XI: क्विंटन डी कॉक, रोहित शर्मा (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, ईशान किशन, कीरोन पोलार्ड, क्रुणाल पांड्या, राहुल चाहर, जेम्स पैटिनसन, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट.
मुंबई इंडियंस की पूरी टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), आदित्य तारे, अनमोलप्रीत सिंह, अनुकुल रॉय, क्रिस लिन, धवल कुलकर्णी, दिग्विजय देशमुख, हार्दिक पांड्या, ईशान किशन, जेम्स पैटिनसन, जसप्रीत बुमराह, जयंत यादव, कीरोन पोलार्ड, क्रुणाल पंड्या, मिशेल मैकलेनगन, मोहसिन खान, नाथन कूल्टर-नाइल, प्रिंस बलवंत राय, क्विंटन डी कॉक, राहुल चाहर, सौरभ तिवारी, शेरफेन रदरफोर्ड, सूर्यकुमार यादव, ट्रेंट बोल्ट.
दिल्ली कैपिटल्स
दिल्ली का मध्यक्रम उम्मीदों के अनुरूप प्रदर्शन करने में नाकाम रहा है. वह मुख्य तौर पर एक या दो खिलाड़ियों पर निर्भर रहा है. हालांकि अजिंक्य रहाणे का फॉर्म में लौटना दिल्ली के लिए अच्छे संकेत हैं. उन्होंने आरसीबी के खिलाफ 60 रन की मैच विजेता पारी खेली थी.
शिखर धवन शानदार फॉर्म में हैं लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों से सहयोग की दरकार है. दिल्ली की बड़ी चिंता पृथ्वी शॉ और ऋषभ पंत की फॉर्म है जो अभी तक उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं. उनके विदेशी खिलाड़ियों शिमरोन हेटमायर और मार्कस स्टोइनिस को भी महत्वपूर्ण मैच में अपनी फार्म दिखानी होगी. कप्तान श्रेयस अय्यर को पारी संवारने का बीड़ा उठाना होगा.
दक्षिण अफ्रीका के कगिसो रबाडा और एनरिक नोर्ज ने उसकी गेंदबाजी विभाग की अगुवाई सफलतापूर्वक की है. रविचंद्रन अश्विन और अक्षर पटेल ने स्पिन विभाग अच्छी तरह से संभाला है.
दिल्ली कैपिटल्स की संभावित प्लेइंग XI: अजिंक्य रहाणे, रविचंद्रन अश्विन, शिखर धवन, शिमरोन हेटमायर, श्रेयस अय्यर (कप्तान), कगिसो रबाडा, पृथ्वी शॉ, ऋषभ पंत, मार्कस स्टोइनिस, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, एनरिच नॉर्जे, डेनियल सैम्स.
दिल्ली कैपिटल्स की पूरी टीम : श्रेयस अय्यर (कप्तान), कैगिसो रबाडा, मार्कस स्टोइनिस, संदीप लामिछाने, ईशांत शर्मा, अजिंक्य रहाणे, रविचंद्रन अश्विन, शिखर धवन, शिमरोन हेटमायर, एलेक्स केरी, मोहित शर्मा, पृथ्वी शॉ, ललित यादव, अवेश खान, अक्षर पटेल, तुषार देशपांडे, ऋषभ पंत, हर्षल पटेल, कीमो पॉल, अमित मिश्रा, एनरिच नॉर्जे, डैनियल सैम्स.
(इनपुट-भाषा)