सांवेर उपचुनाव: सुबह 8 बजे से शुरू होगी 14 टेबलों पर वोटों की गिनती

सांवेर उपचुनाव: सुबह 8 बजे से शुरू होगी 14 टेबलों पर वोटों की गिनती


इंदौर12 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

सांवेर उपचुनाव के लिए नेहरू स्टेडियम में होगी मतगणना

  • 171 कर्मचारी अधिकारी रखेंगे मतगणना पर नजर

सांवेर उपचुनाव के लिए 10 नवंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी। मतगणना करने वाले दलों पर नजर रखने के लिए 171 अधिकारी-कर्मचारियों को लगाया जाएगा। इन सभी को शुक्रवार को विश्वविद्यालय सभागृह में प्रशिक्षण दिया गया।

मतगणना पर नजर रखने वाले इन अफसरों और कर्मचारियों को निर्वाचन मास्टर ट्रेनर आर.के. पांडे ने मतगणना कैसे कराना है इसका प्रशिक्षण दिया। अभी मतगणना के लिए केवल माइक्रो आब्जर्वर, सुपरवाइजर और गणना सहायकों की नियुक्ति की गई है। रिजर्व सहित कुल 171 माइक्रो आब्जर्वर, सुपरवाइजर और गणना सहायक नियुक्त किये गये। इसके बाद अब मतगणना दलों का गठन किया जायेगा। बाकी के दलों का गठन करने के बाद 9 नवम्बर को दूसरे चरण का प्रशिक्षण होगा, जिसमें उन्हें मतगणना कैसे करना है, इसके बारे में बताया जाएगा।

10 नवंबर को मतगणना का काम सुबह 5 बजे से ही शुरू हो जाएगा। उस दिन सुबह 5 बजे रैंडमाइजेशन कर मतगणना दलों को टेबल आवंटित की जायेगी। इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन तथा डाक मत पत्रों की गणना अलग-अलग होगी। मतगणना स्थल नेहरू स्टेडियम के दो हॉल में मतों की गणना का काम होगा। दोनों हॉल में सात-सात टेबलें लगाई जाएंगी। हर एक टेबल पर एक सुपरवाइजर, एक गणना सहायक और एक माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात रहेंगे। इस तरह एक टेबल पर तीन-तीन मतगणना कर्मियों की ड्यूटी लगाई जायेगी। कुल 14 टेबलों पर 42 मतगणना कर्मी रहेंगे। वहीं डाक मतपत्रों की गिनती के लिए अलग से चार टेबलें रहेंगी। इन टेबल पर एक सुपरवाइजर, दो गणना सहायक और एक माइक्रो ऑब्जर्वर रहेंगे। इस तरह चार टेबलों पर कुल 16 कर्मचारी डाक मतपत्रों की गणना का काम देखेंगे।

सांवेर विधानसभा के 380 मतदान केंद्रों पर डाले गए वोटों की गिनती के 28 राउंड होंगे। इस दौरान मतगणना स्थल पर जालियां लगाई जाएंगी। जिसमें एक तरफ मतगणना दल होंगे और दूसरी दूसरी ओर प्रत्याशियों के अभिकर्ता बैठेंगे। वहीं मतगणना करने वाले सभी अधिकारी और कर्मचारियों को सुबह 6 बजे अनिवार्य रुप से मतगणना परिसर में पहुंचना होगा।



Source link