इंदौर25 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मृतक के बेटे अक्षय ने बताया कि सुबह सोकर उठा तो पिता निढाल पड़े हुए थे।
पार्श्वनाथ कॉलोनी में रहने वाले 52 साल के एक प्रापर्टी ब्रोकर ने शुक्रवार रात को हाथ की नस काटकर आत्महत्या कर ली। वे कर्ज से तनाव में आ चुके थे, हालांकि उन्हें कोई परेशान नहीं कर रहा था। उन्होंने चार पेज का सुसाइड नोट भी छोड़ा है। सुबह जब बेटा सोकर उठा तो उसे जानकारी लगी।
अन्नपूर्णा थाने के सब इंस्पेक्टर अंकित शर्मा के अनुसार मृतक 52 वर्षीय रामलाल पिता नत्थू प्रसाद यादव निवासी पार्श्वनाथ कॉलोनी है। रामलाल यादव प्रापर्टी का काम करते थे और किराए के मकान में रहते थे। घटना के वक्त उनकी पत्नी औऱ बेटियां नानी के घर गए थे। बेटा ऊपर कमरे में सो रहा था। सुबह बेटा 5.30 बजे सोकर उठा तो पिता के हाथ में खून दिखा। उनकी हाथ की नस कटी हुई थी। बेटा उन्हें तुरंत अस्पताल लाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उन पर काफी कर्जा था। सुसाइड नोट में कर्ज का विवरण लिखा था। किसी के द्वारा परेशान करने की बात नहीं लिखी गई है।
सुसाइड नोट में एक पेज में थोड़ा सा लिखा हुआ है। इसके अलावा बाकी स्टांप पर चार पेज लिखे हैं, जिसमें मैं स्वयं अपनी इच्छा से मर रहा हूं। किसी को परेशान ना करें। किसी की गलती नहीं है। बेटे अक्षय यादव ने बताया कि पिता ने आर्थिक तंगी के कारण आत्महत्या की है। बाहर से पैसा ले रखा था। वे चुका नहीं पा रहे थे। हालांकि लोग परेशान नहीं कर रहे थे। बेटे ने कहा कि कभी पिता ने डिप्रेशन की जानकारी नहीं दी। पिता पर करीबन 5 लाख का कर्ज था।