बालाघाट के कोतवाली थाना क्षेत्र में 6 जुलाई को रिटायर्ड सब इंजीनियर राजेश वाघेला के घर हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में शातिर चोर राहुल सहारे को गिरफ्तार कर चोरी किए गए गहने और कैमरे बरामद किए हैं।
.
रविवार को पुलिस ने आरोपी को कंट्रोल रूम में मीडिया के सामने पेश किया। इस दौरान उसके बाएं पैर में प्लास्टर चढ़ा हुआ था। बताया गया कि चोरी के 50 हजार रुपए नकद बरामद करने के दौरान वह भागने की कोशिश में गिर गया था। हालांकि, पुलिस अब तक नकदी बरामद नहीं कर पाई है।
नगर पुलिस अधीक्षक वैशाल सिंह कराहलिया ने बताया कि 7 जुलाई को चोरी की शिकायत मिलने के बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की गई। फुटेज से आरोपी की पहचान रजा नगर वार्ड नंबर 10 निवासी राहुल सहारे (23) के रूप में हुई।
पुलिस ने राहुल के पास से चोरी का सोने का हार, सोने के टॉप्स, अंगूठी, चांदी की दो जोड़ी पायल और एक कैमरा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, राहुल एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ कोतवाली थाने में चोरी के 8 और मारपीट के 3 समेत कुल 11 मामले दर्ज हैं।