- Hindi News
- Local
- Mp
- Jabalpur
- Highways Collided With Two Poles On The Road, The Family Of The Advocate Narrowly Escaped, Electricity For Hours
जबलपुर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
बिजली पोल पर चढ़ गया हाईवा
- एमआर-4 रोड पर उखरी तिराहे की घटना
- पोल नहीं होता तो अधिवक्ता के घर में घुस जाता हाईवा
एमआर-4 रोड पर तेज रफ्तार हाईवा ने कोहराम मचा दिया। नशे में धुत चालक ने हाइवा (लोडिंग वाहन) को रोड किनारे बिजली के पोल से टकरा दिया। स्पीड इतनी थी कि 20 मीटर दूर एक और पोल को तोड़ते हुए हाईवा एक अधिवक्ता के घर के पास रुका। हादसे के चलते बिजली तार भी टूट गया। शार्ट-सर्किट से पूरे क्षेत्र का पाॅवर कट हो गया। हादसे की आवाज सुनकर लोग बाहर निकले तो सन्न रह गए। अधिवक्ता का परिवार काफी देर तक सहमा रहा। हाइवा चालक भी घायल हो गया। उसे स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने गिरफ्तार कर अस्पताल ले गई। रविवार सुबह 11 बजे से बिजली का सुधार कार्य चालू हुआ। कर्मियों ने शाम तक पूरा होने की बात कही है।
तेज आवाज सुनकर टूट गई नींद
स्थानीय लोगों ने बताया कि एमआर-4 रोड पर हाइवा तेज रफ्तार और नशे में वाहन चला रहा था। रात लगभग डेढ़ बजे उखरी तिराहे के पास हाइवा एमपी 20 एचबी 7763 अनियंत्रित हो गया। रोड किनारे दो बिजली पोल को तोड़ते हुए तोड़ते हुए रुका। 20 मीटर की दूरी पर लगे दोनों पोल के टूटने और बिजली के शार्ट-सर्किट से तेज आवाज हुई। इससे आसपास के रहने वाले लोग घबरा गए। घरों से निकल कर लोग बाहर आए, तो हादसा देख सिहर गए।

हाइवा नहीं रुकता तो घुस जाता सामने वाले मकान में।
पोल ने अधिवक्ता के परिवार की जिंदगी बचाई
हादसे वाले स्थल से सटा ही अधिवक्ता प्रेम नारायण जायसवाल का घर है। बिजली पोल से हाइवा रुक गया। अन्यथा उनके मकान में घुस गया होता। हादसे के बाद भी ये परिवार देर तक सहमा रहा। अधिवक्ता प्रेम नारायण के मुताबिक हादसे के बाद तेज आवाज से नींद टूटी। लगा कि कोई वाहन मकान से टकरा गया। निकला तो हाइवा बिजली के पोल पर चढ़ा हुआ दिखा
नशे में था हाइवा चालक
हादसे के बाद चालक केबिन में मिला। चालक अजय कुमार कोल नशे में धुत था। उसे भी चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने मदद कर बाहर निकाला और फिर डायल-100 और विजय नगर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस चालक को लेकर प्राथमिक उपचार कराने ले गई।

क्रेन की मदद से हाईवा को हटाते हुए
शाम तक चालू होगी बिजली
हाईवा की टक्कर से बिजली के पोल व तार क्षतिग्रस्त हो गए। इसकी वजह से पूरे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। रविवार सुबह 11 बजे बिजली कर्मी सुधार कार्य के लिए पहुंचे। कर्मियों के मुताबिक शाम तक सप्लाई बहाल हो पाएगी। हादसे के चलते एमआर-4 रोड, साकेत नगर, रामेश्वरम, उखरी क्षेत्र प्रभावित रहा। कई घरों में लोग पानी तक को तरस गए। उनके मोबाइल तक चार्ज नहीं हो पाया। संडे का पूरा मूड बिगड़ गया।