रोहित शर्मा की भारतीय टेस्ट टीम में वापसी हो गई है (फोटो क्रेडिट: मुंबई इंडियंस ट्विटर )
विराट कोहली (Virat Kohli) ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिर्फ एक टेस्ट मैच ही खेलेंगे. इसके बाद वह भारत लौट आएंगे, क्योंकि जनवरी में उनकी जिंदगी में नन्हा मेहमान आने वाला है
पठान ने पीटीआई-भाषा से कहा कि विराट कोहली के नहीं होने से टीम पर काफी प्रभाव पड़ेगा, लेकिन आपको उनके फैसले का सम्मान करना चाहिए. हमें क्रिकेट के बाहर की जिंदगी को स्वीकार करना करना चाहिए, परिवार बहुत महत्वपूर्ण है.
उनकी जगह लेना मुश्किल
उन्होंने कहा कि मैदान पर इसका निश्चित रूप से काफी बड़ा अंतर पैदा होगा और किसी के लिए उनकी जगह लेना काफी मुश्किल होगा. इतने वर्षों तक उन्होंने जैसा प्रदर्शन किया है और वो भी हर तरह की परिस्थितियों में. पठान की निजी राय है कि कोहली की अनुपस्थिति में रोहित को टीम की कप्तानी करनी चाहिए, हालांकि रहाणे को फिलहाल उप कप्तान बनाया हुआ है.रोहित ने मुंबई इंडियंस की अगुआई करते हुए टीम को चार आईपीएल खिताब दिलवाए हैं और साथ ही निदहास ट्रॉफी और एशिया कप में भारत को दो बड़ी ट्रॉफियां दिलाई हैं. उन्होंने कहा कि रहाणे के खिलाफ कुछ नहीं है लेकिन रोहित को कप्तानी करनी चाहिए. वह बेहतरीन कप्तान है और वह साबित कर चुके हैं और उनके पास जरूरी अनुभव भी है.
बतौर सलामी बल्लेबाज अहम भूमिका
पठान ने कहा कि सलामी बल्लेबाज के तौर पर उनकी भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी. वह ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें आप ऑस्ट्रेलिया में खिलाना चाहते हो. मुझे याद है 2008 में वनडे श्रृंखला में वह नए थे, लेकिन उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की पिचों पर काफी अच्छा प्रदर्शन किया था. चोट के बाद वह शानदार प्रदर्शन करने के लिये बेकरार होंगे. पठान ने कहा कि विपक्षी टीम के लिए रोहित शर्मा से खतरनाक कुछ भी नहीं होगा. विदेशी सरजमीं पर खेलना हमेशा कठिन चुनौती होती है, लेकिन जब रोहित फॉर्म में हो तो परिस्थितियां मायने नहीं रखतीं.
यह भी पढ़ें:
IND vs AUS: संजू सैमसन ODI टीम में शामिल, मिस्ट्री स्पिनर की जगह टी-नटराजन को मौका
बड़ी खबर: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिर्फ एक टेस्ट मैच खेलेंगे विराट कोहली
उन्होंने कहा कि सलामी बल्लेबाज के तौर पर वह वही भूमिका निभा सकते हैं जो सहवाग ने 2004 श्रृंखला में निभायी थी और आपको मैच जिता सकता है. चेतेश्वर पुजारा की भूमिका तीसरे नंबर पर ज्यादा अहम हो जाती है, क्योंकि वह सभी को जोड़ने में अहम होंगे. कोहली की अनुपस्थिति में रहाणे मेरे लिए चौथे नंबर पर सही होंगे. पुजारा ऑस्टेलिया में पिछली श्रृंखला में ‘मैन ऑफ द सीरीज’ रहे थे.