Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
इंदौर11 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
एक दिन के मासूम को रविवार देर शाम एक महिला चोरी कर अपने साथ ले गई।
मध्य प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल महाराज यशवंत राव होलकर अस्पताल (MYH) में रविवार शाम को एक दिन का बच्चा चोरी होने का मामला सामने आया है। एक महिला नर्स बनकर आई और बच्चे की नानी के साथ वार्ड से बच्चे को बाहर ले आई। सोमवार को परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने कहा कि बच्चा 10 साल की मिन्नतों के बाद हुआ था। हालांकि यह दंपती का दूसरा बच्चा है, लेकिन पहले वाला बच्चा दिमाग से थोड़ा कमजोर है।
उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन की गलती से हमारा बच्चा चोरी हो गया। जिम्मेदार बाहर ही नहीं आ रहे हैं। वे कहते हैं कि ये जो घटना हुई है अस्पताल के बाहर हुई है। जबकि वह संदिग्ध नर्स आई वार्ड के भीतर तक गई। वहां भर्ती चार- पांच मरीजों को दवाई भी दी। वहां जितने भी बच्चे थे सबसे यही पूछ रही थी कि बच्चा लड़का है या लड़की। यहां पर लड़का होने की बात पता चली तो बोली कि बच्चे की धड़कन कम चल रही है। नर्स ने चेक करवाने लेकर चलने का कहा तो उसकी मां ने मना भी किया। इसके बाद वह चली गई और फिर लौटकर आई बच्चे को लेकर गई। परिजनों का कहना है कि अब तो एमवाय अस्पताल से डर लगने लगा है। ऐसी घटना हो रही है कौन यहां आना चाहेगा।

परिजन सुबह से ही एमवाय अस्पताल में बैठे हुए हैं।
यह है मामला
नवजात की नानी राजू बाई ने बताया कि शनिवार रात 2 बजे बेटी रानी को डिलेवरी के लिए एमवाय अस्पताल लेकर आए थे। बेटी को पहली मंजिल पर वार्ड नंबर- 3 के बेड नंबर- 8 पर एडमिट किया गया था। रविवार सुबह पांच बजे बेटी ने एक बच्चे को जन्म दिया। शाम करीब 5 बजे मैं बेटी और नवजात के पास बैठी हुई थी। इस दौरान मुंह में मास्क लगाकर एक अज्ञात महिला आई। वह करीब 30 साल की रही होगी और उसने सलवार सूट पहन रखा था। उसने मुंह को मास्क और सिर को भी नर्स की तरह ढंक रखा था। वार्ड में सभी बच्चों को चेक करने के बाद वह हमारे पास आई और बच्चे को चेक किया।
चेक करने के बाद उसने बताया कि बच्चे की धड़कन बहुत धीरे चल रही है। उसकी जांच करानी होगी। नानी ने बताया कि इसके बाद मैं और वह महिला बच्चे को लेकर नीचे आए। नीचे आकर उसने कहा कि तुम बच्चे को मुझे दे दो और जल्दी से पर्ची बनवाकर ले आओ। मैंने बच्चे को उसे दे दिया और पर्ची बनवाने चली गई। पर्ची लेकर वापस लौटी तो वह महिला और बच्चा दोनों ही गायब थे। इसके बाद मैंने उसे काफी जगह पर खोजा, लेकिन कहीं पता नहीं चला। इसके बाद समझ में आया कि वह मेरे एक दिन के नाती को चुराकर ले गई। इसी दौरान मेरे दामाद भी अस्पताल पहुंचे गए। उन्हें पूरी बात बताई और फिर पुलिस के पास पहुंची।

सीसीटीवी में नजर आई संदिग्ध नर्स।
पिता ने लगाया लापरवाही का आरोप
बच्चे के पिता लोकेश ने बताया कि मां-बेटे स्वस्थ्य होने पर शाम 4 बजे अस्पताल से घर जाने के लिए निकला था। शाम को करीब 7 बजे मैंने कॉल कर कहा कि मैं कपड़े और अन्य सामान लेकर आ रहा हूं। मैं घर से लौकर आया तो मेरी सास बरामदे में भटकते हुए मिली। मुझे देखकर वह दौड़कर मेरे पास आई और बच्चा गायब होने की बात कही। इसके बाद हम ऊपर से नीचे बच्चे को खोजते हुए घूमते रहे। सीसीटीवी कैमरे में दिख रहा है कि एक लड़की लेकर बच्चे को भाग रही है। पिता ने एमवाय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बिना रसीद के तो बच्चा बाहर जा नहीं सकता। यह जानकारी तो गार्ड को पता होगा कि बच्चा आखिर बाहर कैसे गया।

बच्चे को लेकर जाती संदिग्ध युवती।
CCTV में बच्चे की नानी के साथ नजर आई महिला
CCTV खंगालने पर दिख रहा है कि संदिग्ध महिला बच्चे के नानी के साथ जाते नजर आ रही है। संदिग्ध महिला ने सलवार सूट पहन रखा है। बच्चा उसी की गोद में है, उसके कंधे पर एक बैग भी टंगा हुआ है। वह बच्चे के नानी से कुछ कहते नजर भी आ रही है।
2016 में भी हुआ था बच्चा चोरी
एमवाय अस्पताल से बच्चा चोरी का यह पहला मामला नहीं है। इसके पहले 2016 में भी एक बच्चा चोरी हुआ था। पड़ताल में खुलासा हुआ था कि चंदन नगर की रहने वाली एक महिला ने बच्चा चोरी किया था। मामले में पुलिस ने महिला और उसकी नाबालिग बेटी को पकड़ा था। इसके पहले भी एक संतानहीन दंपति ने एक लाख रुपए में चोरी के बच्चे का सौदा किया था।