Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
इंदौर2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
हथियारबंद हमलावरों ने खिड़की पर हमला किया, जिससे कांच टूट गए।
भाजपा के पूर्व अध्यक्ष गोपीकृष्ण नेमा के मालगंज स्थित घर पर नकाबपोश अज्ञात बदमाशों ने सोमवार शाम को हमला किया। बाइक से आए हथियारबंद बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया और घर के बाहर रखे गमले, कांच सहित कई सामान को तोड़ दिया। हमले के वक्त नेमा घर पर ही मौजूद थे। हमलावर कौन थे और हमला क्यों किया इस बारे में नेमा को कुछ पता नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, लेकिन जिन लोगों ने हमला किया, उनके हाथों में डंडे और हथियार थे। हमले की जानकारी लगते ही भाजपा के कई बड़े नेता और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे।

हथियारबंद बदमाशों ने बाहर रखे गमलों को भी तोड़ दिया।
नेमा ने बताया कि कहा कि कुछ लोग दिवाली पर मिलने आए थे तो हम भीतर बैठकर बातें कर रहे थे। बाहर गाली देने और शोर सुनाई दिया तो बाहर आया। बाहर आकर देखा तो नकाबपोश लट्ठ और तलवारें लेकर मेरे दरवाजे पर खड़े थे। मैं बाहर आने लगा तो मिलने आए लोगों ने पकड़ते हुए कहा कि बाहर नहीं जाना है। इस पर उन्होंने दरवाजे पर लात मारी और दीवार पर लगी नेम प्लेट पर चाकू घोंप दिया। घर के बाहर रखे गमलों को पटककर तोड़ दिया। दरवाजे और खिड़कियों के कांच तोड़ दिए।

नेमा ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है।
नेमा ने कहा कि मेरा किसी से कोई विवाद नहीं है। घर पर मैं मेरी पत्नी, भाई और उसकी पत्नी थी। घर के बाहर एक युवक बैठा था उसे जमकर पीटा, जिसके बाद उसे अस्पताल लेकर जाया गया है। हमलावर 20 से 25 बाइक पर सवार होकर आए थे। उनकी संख्या करीब 40 लोगांे की रही होगी। पुलिस के अनुसार विवाद की जानकारी मिली थी, जिसके बाद मौके पर पहुंचे थे। लोगों का कहना है कि 15 से 20 लोग थे। मामले की जांच कर रहे हैं।

हमले की जानकारी लगते ही नगर अध्यक्ष सहित सभी बड़े नेता पहुंचे।
प्रारंभिक जानकारी में ऐसी बात सामने आ रही है कि जो लोग नेमा से मिलने आए थे, उनमें से किसी का विवाद उन बदमाशों से था। उसके पीछे ही वो लोग यहां तक आए थे। हमले की जानकारी लगते ही नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, विधायक मालिनी गौड़, कृष्णमुरारी मोघे, जेपी मूलचंदानी, सुदर्शन गुप्ता सहित कई भाजपा नेता पहुंचे।