विराट कोहली के पितृत्व अवकाश को लेकर लगातार सुर्खियां बनी हुई हैं. कई दिग्गज क्रिकेटर और फैन्स विराट के इस कदम की तारीफ कर रहे हैं तो वहीं कुछ लोग इसकी आलोचना भी कर रहे हैं. इस बीच कई लीजेंडरी क्रिकेटरों ने विराट कोहली का इस मामले में सपोर्ट किया है. इसी कड़ी में वीवीएस लक्ष्मण का नाम भी जुड़ गया है, जिनका कहना है कि भारतीय कप्तान के इस फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए.
पत्नी ने जड़ा ताबड़तोड़ तेज शतक, तो स्टेडियम में खुशी से झूम उठा ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर
वीवीएस लक्ष्मण (VVS Laxman) ने कहा है कि एक प्रोफेशनल क्रिकेटर होने के साथ-साथ विराट कोहली एक पारिवारिक व्यक्ति भी हैं. ऐसे में लोगों को उनके फैसले का सम्मान करना चाहिए कि वह पिता बनने जैसे महत्वपूर्ण और यादगार पल के लिए ब्रेक ले रहे हैं.उन्होंने कहा, ”मुझे विश्वास है कि आप इसका सम्मान करेंगे. हां… अंतत: आप एक प्रोफेशनल क्रिकेटर हैं, लेकिन आपका एक परिवार भी है. आपके परिवार के लिए क्या अच्छा है, आपका इसका सम्मान भी करते हैं. इसलिए मुझे विश्वास है कि हमें उनके इस फैसले का सम्मान करना चाहिए. यह उनकी जिंदगी का एक महत्वपूर्ण चरण है.”
विराट कोहली का सपोर्ट करते हुए वीवीएस लक्ष्मण ने एक उदाहरण दिया. उन्होंने खुद के बारे में बताते हुए कहा कि जब उनकी पत्नी बेटी को जन्म देने वाली थी, उस वक्त उन्होंने भी कुछ मैच मिस किए थे. उन्होंने कहा कि आपका पहला बच्चा बहुत ही स्पेशल होता है और यह एक बहुत ही खास फीलिंग होती है.
उन्होंने कहा, ”मुझे याद है कि अपनी बेटी के जन्म के वक्त अपनी पत्नी के साथ रहने के लिए मैंने भी कुछ रणजी ट्रॉफी मैच मिस किए थे. यह बहुत ही खास अहसास होता है, खासकर जब आपके पहले बच्चे का जन्म होने वाला हो. बता दें कि विराट कोहली की गैरमौजूदगी में अजिंक्य रहाणे टेस्ट सीरीज में भारतीय क्रिकेट टीम की कमान संभालेंगे.
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज यानी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी की शुरुआत 17 दिसंबर से होनी है. पहला टेस्ट मैच एडिलेड में खेला जाएगा, जो डे-नाइट होगा. दूसरा टेस्ट मैच 26 दिसंबर, तीसरा टेस्ट मैच 7 जनवरी और चौथा टेस्ट मैच 15 जनवरी से खेला जाएगा.