Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
भोपाल16 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
छोटी झील पर सोमवार से शुरू हुई राज्य स्तरीय मैराथन और केनों स्प्रिंट चैम्पियनशिप में खिलाड़ी फिनिशिंग पॉइंट की ओर बढ़ते हुए।
- छोटी झील पर सोमवार से शुरू हुई राज्य स्तरीय मैराथन और केनों स्प्रिंट चैम्पियनशिप
- प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने अपनी टीम के लिए किया बेहतर प्रदर्शन
भोपाल की छोटी झील पर सोमवार से शुरू तीन दिवसीय राज्य स्तरीय मैराथन और केनों स्प्रिंट चैम्पियनशिप में मध्य प्रदेश राज्य वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य सहित कुल पांच पदक अपने नाम किए।
मध्य प्रदेश कयाकिंग एवं केनोइंग एसोसिएशन के तत्वावधान में छोटी झील पर आयोजित राज्य स्तरीय मैराथन एवं केनो स्प्रिंट चैंपियनशिप में पहले दिन दिन सीनियर के-1 बालक वर्ग में 20 किमी और सी-1 बालिका वर्ग में 15 किमी मैराथन रेस आयोजित हुई। इसमें प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने अपना जलवा दिखाया।
प्रतियोगिता के-1 इवेंट में मप्र अकादमी के खिलाड़ी बलवीर जाट और सी-1 स्पर्धा में कावेरी ढीमर ने एक-एक स्वर्ण पदक जीता। जबकि के-1 स्पर्धा में अकादमी के खिलाड़ी विशाल दांगी और सी-1 स्पर्धा में शिवानी वर्मा ने एक-एक रजत पदक जीता। प्रतियोगिता में अकादमी के खिलाड़ी देवव्रत सिंह ने के-1 इवेंट में कांस्य पदक अर्जित किया। इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर के खिलाड़ियों ने शिरकत की।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मप्र ओलंपिक संघ के सदस्य बीएस कुशवाह ने किया। मप्र कयाकिंग एवं कैनोइंग संघ के चेयरमैन बीएस बुंदेला, कोषाध्यक्ष सीएस धाकड, मुख्य कोच मयंक ठाकुर व पीयूष बरोई सहित कई प्रशिक्षक व खिलाड़ी मौजूद थे।
कोविड की गाइडलाइन को कर रहे फॉलो
मुख्य कोच मयंक ठाकुर ने बताया कि टूर्नामेंट के पहले से ही सभी खिलाड़ियों को सूचित कर दिया गया कि सरकार द्वारा कोविड-19 के संक्रमण के लिए जारी किए गए दिशा निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाएगा। सुरक्षित शारीरिक दूरी का पालन किया गया और सभी ने मास्क व सैनिटाइजर का उपयोग किया है।