उपचुनाव के नतीजों के बाद भिंड कांग्रेस में इस वक्त कलह मची हुई है.
बीजेपी (BJP) का आरोप है कि डॉक्टर गोविंद सिंह को नेता प्रतिपक्ष से बाहर करने के लिए ही भिंड (Bhind) कांग्रेस में इस तरह कि साजिश प्रदेश नेतृत्व के नेताओं के इशारे पर रची गयी है.
सोमवार को ज्योतिरादित्य सिंधिया मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात करने के लिए भोपाल आए हैं. भोपाल एयरपोर्ट से बाहर आते ही उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कांग्रेस में जो अंदर का खेल है वो बाहर आ रहा है. कांग्रेस की यही पृष्ठभूमि रही है. इस सवाल पर कि इस कलह की वजह डॉक्टर गोविंद सिंह को नेता प्रतिपक्ष की दौड़ से बाहर करना है ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कोई भी प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया.उन्होंने कहा इसका जवाब सिर्फ कांग्रेस के ही नेता दे सकते हैं.
भिंड कांग्रेस में जारी है कलह
उपचुनाव के नतीजों के बाद भिंड कांग्रेस में इस वक्त कलह मची हुई है. भिंड जिले की मेहगांव बीजेपी और गोहद कांग्रेस ने जीती है.उसके बाद भिंड जिला कांग्रेस की बैठक में डॉक्टर गोविंद सिंह पर मेहगांव सीट हरवाने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास किया गया था. फिर भिंड कांग्रेस के जिलाध्यक्ष श्रीराम बघेल ने भिंड एसपी को एक ज्ञापन देकर ये कहते हुए सुरक्षा की मांग की कि उनकी जान को गोविंद सिंह और उनके समर्थकों से खतरा है. इससे कांग्रेस की कलह सामने आ गई.
क्या हैं राजनीतिक मायने
उपचुनाव में हार के बाद कांग्रेस के भीतर अब नेता प्रतिपक्ष और पीसीसी अध्यक्ष के पद को लेकर चर्चाओं का दौर तेज है.यह माना जा रहा है कि कमलनाथ अब सिर्फ पीसीसी अध्यक्ष का पद अपने पास रखेंगे जबकि नेता प्रतिपक्ष कोई और बनाया जा सकता है. पद और वरिष्ठता के लिहाज से डॉक्टर गोविंद सिंह इस रेस में सबसे आगे माने जा रहे हैं.बीजेपी का आरोप है कि डॉक्टर गोविंद सिंह को नेता प्रतिपक्ष से बाहर करने के लिए ही भिंड कांग्रेस में इस तरह कि साजिश प्रदेश नेतृत्व के नेताओं के इशारे पर रची गयी है.