Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
इंदौर11 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मेडिकल टीम दोपहर में कोरोना टेस्ट के लिए मल्टी में पहुंची।
दो दिन पहले चर्चा में आने वाली रेसकोर्स रोड पर गली नंबर – 2 में कोरोना टेस्ट किया जा रहा है। इस क्षेत्र की एक मल्टी में 70 लोगों के कोरोना संक्रमित होने के अनाउंसमेंट के बाद हड़कंप मच गया था। प्रशासन और निगम की टीम ने इस मल्टी को सील कर दिया था। रहवासी इन आंकड़ों को गलत बताते हुए मल्टी को सील किए जाने के विरोध में उतर आए थे। उन्होंने सवाल किया था कि 41 फ्लैट की मल्टी में करीब 100 लोग रहते हैं, इसमें से 70 पॉजिटिव कैसे आ सकते हैं? इसके बाद बुधवार को मेडिकल टीम यहां कोरोना टेस्ट करने पहुंची और 36 लोगों की जांच की। इनमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। बचे हुए लोगों के गुरुवार को टेस्ट किए जाएंगे।

कोरोना टेस्ट करने गई टीम के साथ पुलिस भी मल्टी में पहुंची।
सुमित जैन ने बताया कि तीन दिन पहले टीम यहां आई थी और अलाउंस करके गई थी कि आपको कम्पलीट लॉकडाउन में रहना है। यह कोरोना का एपिसेंटर है। कल एक टीम यहां चेकअप के लिए आई थी। हमारी सामने वाली मल्टी में भी एक टीम गई थी। टीम यहां सबसे पूछ रही थी कि आपको बुखार, सर्दी- खांसी या किसी प्रकार की कोई समस्या तो नहीं है। इस पर सभी ने मना कर दिया था। इसके बाद बुधवार दोपहर ये पुलिस बल के साथ एक बार फिर से आए हैं। हालांकि हम इन्हें पूरी तरह से सहयोग कर रहे हैं। हम सभी टेस्ट करवाने के लिए तैयार हैं। 36 लोगों के टेस्ट किए गए, लेकिन सभी लोग की रिपोर्ट निगेटिव आई है। किसी ने भी दबाव वाली बात नहीं की, बस यही कहा था कि टेस्ट करवाना जरूरी है।
वहीं, मेडिकल टीम ने बताया कि सबसे पहले हमने मल्टी के बारे में पूरी जानकारी ली गई। कल सर्वे किया था, उसमें तीन-चार लोगों के पॉजिटिव आने की जानकारी मिली थी। हालांकि उन सभी को 14 दिन हो चुके हैं। वहीं, सामने वाली मल्टी में चार लोग मिले हैं। इनमें से एक अस्पताल में एडमिट हैं, जबकि तीन लोग होम क्वारैंटाइन में हैं। इन लोगों को भी 14 दिन हो चुके हैं। इस क्षेत्र में 15 से ज्यादा लोगों के पॉजिटिव आने का पता चला है। हालांकि ज्यादातर लोगों को 14 दिन हो चुके हैं। वहीं, टेस्ट करने वाली टीम ने बताया कि पहले दिन 36 लोगों के टेस्ट हुए हैं, सभी निगेटिव हैं, गुरुवार को बच्चे हुए अन्य लोगों के टेस्ट किए जाएंगे।