केएल राहुल ने 40 गेंद पर 51 रन की पारी खेली.
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टी20 मैच कैनबरा के मनुका ओवल स्टेडियम में खेला गया. भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट पर 161 रन बनाए. ओपनर केएल राहुल भारत के टॉप स्कोरर रहे. वे एकमात्र बल्लेबाज रहे, जिनके बल्ले से अर्धशतक निकला.
- News18Hindi
- Last Updated:
December 4, 2020, 3:31 PM IST
ऑस्ट्रेलिया ने पहले टी20 मैच में टॉस जीतकर भारत को पहले बैटिंग करने को कहा. भारत की शुरुआत खराब रही और ओपनर शिखर धवन सिर्फ एक रन बनाकर मिचेल स्टार्क की गेंद पर बोल्ड हो गए. कप्तान विराट कोहली भी उम्मीद पर खरे नहीं उतरे और 9 गेंद पर महज 9 रन बनाकर लेग स्पिनर मिचेल स्वेपसन को कैच थमा बैठे.
केएल राहुल और संजू सैमसन ने संभाला
केएल राहुल (51) और संजू सैमसन (23) ने शुरुआती दो विकेट गंवाने के बाद टीम को 86 रन तक पहुंचाया. 12वें ओवर से 14वें ओवर के बीच भारत ने सैमसन, मनीष पांडे और राहुल के विकेट गंवा दिए. इसके बाद भारतीय टीम दबाव में आ गई.
Innings Break!
A half-century from @klrahul11 and a quick-fire 44* from @imjadeja propel #TeamIndia to a total of 161/7 on the board.Scorecard – https://t.co/3MGX8Wfhsy #AUSvIND pic.twitter.com/7hOHnC7MIe— BCCI (@BCCI) December 4, 2020
सहवाग ने कहा-मनीष को पांड्या से पहले भेजना गलत था
संजू सैमसन के आउट होने पर मनीष पांडे बैटिंग करने उतरे और वीरेंद्र सहवाग ने इसे रणनीतिक तौर पर टीम मैनेजमेंट का गलत फैसला करार दिया. सहवाग ने कहा कि राहुल और सैमसन की पार्टनरशिप ने ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बना दिया था. ऐसे में भारतीय टीम को चाहिए था कि वह सैमसन के आउट होने पर हार्दिक पांड्या को बैटिंग के लिए उतारती. इससे ऑस्ट्रेलिया टीम पर दबाव बना रहता. भारतीय टीम ने ऐसा ना कर मनीष पांडे को बैटिंग के लिए उतार दिया, जिनका यह ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पहला मैच था. उन्होंने जमने के लिए कुछ डॉट गेंदें खेल लीं. इससे ना सिर्फ उन पर, बल्कि राहुल पर भी दबाव बन गया.
मनीष के डॉट बॉल खेलने से दबाव बढ़ा
विवेक राजदान ने कहा कि संजू सैमसन के आउट होने पर मनीष पांडे आए. उनके बल्ले पर गेंद नहीं आई. दबाव बढ़ता देख वे गलत शॉट खेलकर विकेट गंवा बैठे. इस बीच काफी देर तक स्ट्राइक ना मिलने के कारण राहुल भी मोमेंटम गंवा चुके थे और रनगति बढ़ाने की कोशिश में आउट हो गए.
कैफ ने कहा- मनीष की जगह जडेजा को भेजा जा सकता था
मोहम्मद कैफ भी सहवाग और विवेक राजदान से समहत नजर आए. उन्होंने कहा कि संजू सैमसन के आउट होने पर पांड्या या रवींद्र जडेजा को भेजा जाना चाहिए था. बाएं हाथ के बल्लेबाज जडेजा लेग स्पिनरों एडम जम्पा और मिचेल स्वेपसन की गेंदों पर बड़े शॉट लगा सकते थे. जडेजा ने बाद में मैच में 23 गेंद पर 44 रन की बेहतरीन पारी खेली.