Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
ग्वालियर9 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
खुली जेल में 20 लोगों से लिखवाए गए निबंध, 15 ही लिख पाए
- जिला प्रशासन ने रूपसिंह स्टेडियम में लिखवाए कोरोना पर निबंध
यदि आप सड़क पर बिना मास्क के निकले हैं तो आपको दो घंटे खुली जेल की सजा मिल सकती है। तीन दिन बाद फिर जिला प्रशासन को मास्क पहनने के नियम का पालन कराने की याद आ गई है। शनिवार को शहर से 20 लोग बिना मास्क के पकड़े गए हैं। इन्हें खुली जेल ले जाया गया। यहां इनको दो घंटे तक बंद रखा गया। साथ ही कोरोना और उसके बचाव विषय पर निबंध लिखवाए गए। रिंकू निवासी कुम्हारपुरा ने लिखा है कि उसे अब पता लगा कोरोना कितना खतरनाक है।
शनिवार को रोको रोको-टोको अभियान के तहत जिला प्रशासन की चार अलग-अलग टीमों ने पूरे शहर में बिना मास्क के घूमने वालों की धरपकड़ शुरू की। शहर की सड़कों पर यह हाल था कि जैसे ही प्रशासन की टीम खड़ी होती बिना मास्क वाले वाहनों को लौटाकर उल्टी दिशा में भागने लगे। किसी तरह दिन भर में जिला प्रशासन ने 20 लोग ऐसे पकड़े जिनकी जेब में मास्क था पर वह पहने नहीं थे। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उन्हें सीधे रूपसिंह स्टेडियम में बनाई गई खुली जेल में भेज दिया गया। पहले तो यहां काफी देर तक बैठाए रखा बाद में सभी को एक-एक कागज दिया गया। इस कागज पर कोरोना को कैसे रोका जा सकता है और मास्क नहीं पहनकर उन्होंने क्या गलती की है यह लिखने के लिए बोला गया। निबंध लिखने के बाद सभी को छोड़ा गया।
इस तरह लिखे निबंध
लश्कर निवासी सुरेश कुमार ने निबंध में लिखा है कि उन्होंने मास्क नहीं पहनकर दुनिया की सबसे बड़ी गलती की है। यह गलती उनकी जान पर भारी हो सकती है। अब से रोज मास्क पहनेंगे। सोनू निवासी नई सड़क ने लिखा है कि अबकी बार गलती हो गई। कोरोना हमें माफ कर दो अगली बार से मास्क पहनकर ही मिलेंगे।