मध्य प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस से 12 लोगों की मौत, सामने आए 1352 नए मामले

मध्य प्रदेश में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस से 12 लोगों की मौत, सामने आए 1352 नए मामले


भोपाल. मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण (Corona Virus In Madhya Pradesh) का प्रकोप बढ़ता जा रहा है. बीते चौबीस घंटे के दौरान कोविड-19 (Covid-19) के 1352 नए मामले सामने आए. जिसके बाद प्रदेश भर में अब कोरोना (Corona Virus) के कुल मामले बढ़कर 2,13,050 हो गए हैं. वहीं इस दौरान 12 लोग इस बीमारी से चल बसे हैं. इसे मिलाकर अभी तक इससे कुल 3,326 लोगों की मौत हो चुकी है.

शनिवार को जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार अब राज्य भर में मात्र 13,532 एक्टिव केस रह गए हैं जिनका उपचार किया जा रहा है. इनमें से 62 प्रतिशत मरीज होम आइसोलेशन में है. वहीं राज्य में कोरोना संक्रमण से जूझ रहे 1,96,192 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं.

मध्य प्रदेश के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया, ‘पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से इंदौर में तीन, भोपाल और ग्वालियर में दो-दो व खरगोन, शिवपुरी, हरदा, निवाड़ी और गुना में एक-एक मरीज की मौत की पुष्टि हुई है.’ उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक कोविड-19 से इंदौर में सबसे ज्यादा 779 मौत हुई है, वहीं भोपाल में 527, जबलपुर में 226, ग्वालियर में 186, सागर में 144 और उज्जैन में 100 लोगों की मौत हुई हैं. शेष मौतें अन्य जिलों में हुई हैं.

उन्होंने कहा कि शनिवार को 1,449 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है.

बता दें कि वर्तमान में प्रदेश में औसतन प्रतिदिन 1,403 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिल रहे हैं. कोरोना संक्रमित मरीजों के स्वस्थ होने का प्रतिशत बढ़कर 92.1 प्रतिशत हो गया है. वहीं प्रदेश का औसत पॉजिटिविटी दर 5.5 प्रतिशत है.

कोरोना महामारी के मद्देनजर सरकार ने प्रदेश भर में पहली से लेकर आठवीं तक की कक्षाओं को अगले वर्ष 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिया है.





Source link