Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
छतरपुर/लवकुशनगर20 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
- विधायक निधि के 27 लाख की लागत से नगर परिषद लवकुशनगर ठेकेदार से कराएगी काम
लवकुशनगर में स्थित माता बंबरबैनी मंदिर के पहाड़ की सीढ़ियों पर टीन शेड लगाने का काम नगर परिषद की देखरेख में जल्द शुरू होगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है, ठेकेदार से अनुबंध होते ही काम चालू हो जाएगा। विधानसभा चुनाव के दौरान राजनगर विधायक विक्रम सिंह नातीराजा ने लवकुशनगर की माता बंबरबैनी मंदिर के पहाड़ की सीढ़ियों पर टीन शेड लगवाने की घोषणा की थी।
चुनाव जीतने के बाद उन्होंने नगर परिषद को टीन शेड लगवाने का जिम्मा सौंपा। विधायक नातीराजा ने विधायक निधि से 27 लाख रुपए नगर परिषद को प्रदान किए। नगर परिषद ने यह कार्य ठेकेदार के माध्यम से कराने के लिए टेंडर आमंत्रित किए।
कुछ दिन पहले इस कार्य के लिए खजुराहो के ठेकेदार अजय मिश्रा के रेट सबसे कम होने पर उसका टेंडर पास हुआ। नगर परिषद ने संबंधित ठेकेदार को पत्र जारी क 8 दिसंबर तक अनुबंध करने के लिए कहा है। अनुबंध निष्पादित होते ही कार्य शुरू हो जाएगा।
12 फिट चौड़ा टीन शेड लगाया जाएगा
नगर परिषद लवकुशनगर के उपयंत्री गोकुल प्रसाद प्रजापति ने बताया कि 27 लाख रुपए में 110 मीटर लंबाई में टीन शेड लगवाया जाएगा। उन्होंने बताया पहाड़ की सीढ़ियों की चौंड़ाई दोनों ओर की सुरक्षा दीवार सहित 6 फीट से अधिक है।
इन सीढ़ियों की सुरक्षा दीवार को मिलाकर कुल 10 फीट की चौड़ाई पर जमीन से सुरक्षा दीवार के लेबल तक बाहर से सीमेंट के पिलर खड़े करके फिर लोहे के माेटे पाइप खड़े किए जाएंगे। इसके बाद मजबूत फ्रेम में टीन शेड लगाया जाएगा। टीन शेड की कुल चौड़ाई 12 फीट और ऊंचाई करीब 12 फीट होगी। दो पिलर के बीच 5 मीटर का अंतर रहेगा।
उन्होंने बताया कि मजबूत फ्रेम में कामधेनु की मजबूत जीआई सीट फिट की जाएगी। उपयंत्री प्रजापति ने बताया कि यह टीन शेड का काम बजरंगगढ़ मंदिर के आगे “प्रथम विश्राम’ मोड़ से शुरू करके मंदिर तक किया जाएगा। इसके बाद फिर जैसा अगला बजट या राशि की व्यवस्था हुई तो नीचे काम लगाएंगे।
धूप से श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
बुंदेलखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध तीर्थ के रूप में प्रतिष्ठित नगर की माता बंबरबैनी का मंदिर करीब 600 फीट ऊंचे पहाड़ पर स्थित है। करीब 365 सीढ़ियों की चढ़ाई चढ़ने के बाद माता के दर्शन होते हैं। गर्मी के माैसम में श्रद्धालुओं को धूप और बरसात के मौसम में पानी से परेशानी होती है। यह टीन शेड लग जाने के बाद इन दोनों समस्याओं से श्रद्धालुओं को निजात मिलेगी।
जल्द शुरू होगा काम
इस संबंध में लवकुशनगर सीएमओ शीतल भलावी का कहना है कि संबंधित ठेकेदार को अनुबंध के लिए पत्र भेजा है। अनुबंध निष्पादित होते ही जल्द काम शुरू हो जाएगा।