Maruti Suzuki की कार खरीदने वालों को झटका! जनवरी 2021 से बढ़ जाएंगी कीमतें

Maruti Suzuki की कार खरीदने वालों को झटका! जनवरी 2021 से बढ़ जाएंगी कीमतें


नई दिल्ली. देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (Maruti Suzuki India) ने कहा है कि वो जनवरी 2021 से अपनी वाहनों की कीमत बढ़ाने जा रही है. कंपनी ने कहा कि कीमतों में यह बढ़ोतरी इनपुट कॉस्ट (Input Cost) में इजाफे की वजह से होगी. कंपनी ने कहा कि वाहन निर्माण में लागत बढ़ने से उस पर खर्च का बोझ बढ़ गया है. यही कारण है कि मारुति सुजुकी इस बोझ का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालने का फैसला लिया है.

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर एक नियामकीय फाइलिंग में मारुति सुजुकी ने कहा, ‘पिछले एक साल में इनपुट कॉस्ट बढ़ने की वजह से वाहनों के निर्माण का खर्च बढ़ गया है. इसीलिए अब जरूरी हो गया है कि इस खर्च का कुछ बोझ ग्राहकों पर डाला जाए, जिसे 2021 से लागू किया जाएगा.’ कंपनी ने कहा कि कीमतों में यह बढ़ोतरी अलग-अलग मॉडल्स के लिए अलग-अलग होगी.

77 फीसदी तक बढ़े कच्चे माल के दाम
चालू वित्त वर्ष के तीसरी और चौथी तिमाही में कच्चे माल की बढ़ती कीमतों का भरपूर असर देखने को मिलेगा. ऑटो इंडस्ट्री (Auto Industry) के लिए स्टील, एल्युमिनियम, कॉपर और रबर जैसे जरूरी कच्चे माल के भाव में इजाफा देखने को मिल रहा है. 6 महीने में स्टील के दाम 30 फीसदी तक बढ़े हैं. इसी प्रकार मार्च के बाद से अब तक एल्युमिनियम 40 फीसदी, कॉपर 77 ​फीसदी तक महंगा हो चुका है.यह भी पढ़ें: Bajaj Pulsar और Platina पर मिल रहा है जबरदस्त डिस्काउंट, जानिए सभी ऑफर्स

इसके पहले कंपनी ने कहा था कि 2020 उसके लिए एक बेहतर साल साबित होगा. कंपनी ने यह बात कोरोना वायरस के उबरते हुए बाजार की स्थिति को देखते हुए कहा था. कंपनी का मानना है कि महामारी के बाद वाहन बाजार में तेजी आएगी और ग्राहक पैसे खर्च करने की स्थिति में होंगे. मारुति सुजुकी इंडिया के चेयरमैन आर सी भार्गव ने कहा कि लॉकडाउन की वजह से कंपनी की परिचालन पर प्रभाव पड़ा है. हालांकि, कंपनी ने धीमी रफ्तार से उत्पादन बढ़ाया है और अब यह पूरी क्षमता से काम कर रही है.

उत्पादन और बिक्री बढ़ी
वर्तमान में यह कंपनी एंट्री लेवल की Alto से लेकर कई अन्य रेंज की वाहनों की बिक्री करती है. नवंबर महीने में ही कंपनी ने कहा था कि उसकी उत्पादन क्षमता 5.91 फीसदी बढ़कर 1,59,221 यूनिट्स तक पहुंच चुकी है.

घरेलू पैसेंजर वाहन सेग्मेंट पिछले साल की सामान अवधि की तुलना में इस साल नवंबर में कंपनी की बिक्री 2.4 फीसदी घटकर 1,35,775 यूनिट्स पर रही. हालांकि, निर्यात समेत कुल सेल्स 1,53,223 यूनिट्स रहा. इस प्रकार सामान अवधि में यह 1.7 फीसदी बढ़ा है.

यह भी पढ़ें: महिंद्रा की इन 6 SUV कारों पर मिल रहा है 3 लाख रुपये तक का डिस्काउंट, यहां देखे डिटेल

दूसरी वाहन कंपनियां भी बढ़ा सकती हैं कीमत
माना जा रहा है कि मारुति सुजुकी अभी पहली ऐसी कंपनी है, जिसने वाहनों के दाम में इजाफा किया है. लेकिन दूसरी वाहन निर्माता कंपनियां भी बहुत जल्द कीमतें बढ़ाने का ऐलान करेंगी. बता दें कि भारत के ऑटो बाजार में मारुति सुजुकी की हिस्सेदारी 50 फीसदी से ज्यादा है.





Source link