Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
एक घंटा पहले
- कॉपी लिंक
शुक्रवार सुबह से ही बादल होने से ठंड कम रही
- शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री दर्ज किया गया है
- गुरुवार को अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री दर्ज रहा था
ग्वालियर। आसमान में बादलों ने डेरा जमा लिया है। सुबह से धूप नहीं खिली है। अगले 24 घंटे के अंदर हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है। इन तीनों घटनाक्रम से शहर का मौसम एक दम बदल गया है। बादल छाने से शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान भी 12.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है जो सामान्य से 4.9 डिग्री अधिक रहा है। इससे पहले गुरुवार को अधिकतम तापमान 31.7 रहा था जो बीते 14 साल में सबसे अधिक था।
दो नए पश्चिमी विक्षोभ बनने से मौसम के मिजाज पूरी तरह बदल गए हैं। अंचल सहित शहर में बादल छा गए हैं। हालत यह है कि सुबह से धूप नहीं खुलने से पारा उछला है और सर्दी कम ही लगी है। मौसम वैज्ञानिक सीके उपाध्याय की माने तो फिलहाल आसमान में बादल हैं। 24 घंटे में यह बादल बरस भी सकते हैं। क्योंकि जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ अपना असर दिखा रहा है। अगले 48 घंटे में यह कमजोर पड़ेगा और उसके बाद बादल हटेंगे और धूप के साथ उत्तर से ठंडी हवा चलेगी। जिसका असर मौसम पर भी देखने को मिलेगा। इससे तापमान गिरेगा और ठंड बढ़ेगी।
सुबह साढ़े आठ पर 15.4 पहुंचा पारा
आसमान में बादल जाने से तापमान उछल रहा है। शुक्रवार को सुबह का सबसे कम तापमान 12.6 डिग्री दर्ज किया गया था। इसके बाद सुबह 5.30 बजे तापमान 13.4 डिग्री रहा और यह दो घंटे के बाद साढ़े आठ बजे तक 15.4 डिग्री पर पहुंच गया है। सुबह यह हाल है यदि बारिश नहीं होती है तो दिन में अधिकतम तापमान फिर 30 डिग्री के आसपास पहुंचने की संभावना मौसम विभाग जता रहा है।