उज्जैन में नाव नदी में पलटने से बड़ा हादसा हो गया, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ.
बड़नगर में नाव पलटते ही उसमें सवार लोग नदी में जा गिरे और चीख-पुकार मच गई. शुक्र है कि गांव वाल वहीं मौजूद थे. वे तुरंत नदी में कूदे और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. सभी सुरक्षित हैं. नाव पर सवार सभी एक शादी में शामिल होने जा रहे थे. गांव वाले इसी तरह यहां एक जगह से दूसरी जगह जाते हैं. हादसे होना यहां आम बात है.
- Last Updated:
December 12, 2020, 3:27 PM IST
जानकारी के मुताबिक तीन बच्चे, एक महिला और छह पुरुष ग्राम पंचायत सारोला में शादी में शामिल होने नाव से जा रहे थे. इस बीच पता नहीं क्या हुआ और नाव नदी में पलट गई। इससे पहले की सभी डूब जाते वहां खड़े लोगों ने उन्हें निकाल लिया. हालांकि, एक महिला और एक बच्चे के मुंह में पानी भर गया. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.
लोगों ने दी आंदोलन की चेतावनीइस घटना के बाद लोग काफी गुस्से में हैं. उनका कहना है कि अब बगरेड में बड़नगर और केसुर रोड पर चक्काजाम किया जाएगा. इसके पीछे वजह यह है कि लोग एक गांव से दूसरे गांव इसी नदी को पार करके जाते हैं. आए दिन इस तरह के हादसे होते रहते हैं. इससे पहले भी एक महिला की नदी में डूबकर मौत हो चुकी है. पूर्व विधायक भी इस हादसे का शिकार हो चुके हैं. लोगों के मुताबिक, इस नदी पर पुलिया के निर्माण के लिए कई बार शासन और प्रशासन को बताया गया, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिलता है. विधायक सुनते नहीं और प्रशासन कहता है कि पुलिया का निर्माण बजट उपलब्ध होने पर ही किया जाएगा. लोगों का कहना है कि अगर इसी तरह चलता रहा तो हादसे कैसे रोके जाएंगे. कई बार तो केवल महिलाएं ही बच्चों लेकर नाव में सफर करती हैं.