Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
इंदौर10 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
सीसीटीवी में एक्टिवा सवार कार सवार को मारते हुए नजर आया। साइड से गुजरता डंपर।
पलासिया के हातिम चौराहे पर गुरुवार सुबह 11 बजे उत्कर्ष विहार कॉलोनी के आर्किटेक्ट की कार से एक एक्टिवा सवार को मामूली सी टक्कर लगी। गुस्साया एक्टिवा सवार पलटकर आया। उसने कार सवार से विवाद किया। मारपीट की। इसी दौरान झूमाझटकी में एक्टिवा सवार ने आर्किटेक्ट को धक्का दे दिया। वह नीचे गिरा और तभी पास से गुजर रहे डंपर का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। आर्किटेक्ट की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी एक्टिवा वाले को गिरफ्तार कर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। मामले में शुक्रवार को सीसीटीवी सामने आया, जिसमें एक्टिवा सवार कार वाले पर मुक्के बरसाता नजर आ रहा है।

कार सवार के ऊपर से डंपर गुजरने के बाद एक्टिवा सवार उसे देखता रहा।
पलासिया पुलिस के अनुसार हादसे में उत्कर्ष विहार कॉलोनी में रहने वाले 30 वर्षीय सिद्धार्थ पिता सतीष सोनी की मौत हो गई। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस मानकर आरोपी विकास यादव निवासी भिचौली मर्दाना को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही पुलिस ने रौंदने वाले डंपर और उसके ड्राइवर को भी पकड़ा है। दोस्तों ने बताया कि सिद्धार्थ आर्किटेक्ट था और शहर के स्मार्ट सिटी के एक प्रोजेक्ट में काम करता था। वह काफी होनहार था और शहर को काफी सौगातें देना चाहता था।

एक्टिवा सवार कार सवार को पीटता रहा।
प्रत्यक्षदर्शी बोला- एक्टिवा वाला पहलवान बन रहा था
हातिम चौराहे पर ऑटो रिक्शा लेकर खड़े व्यक्ति ने बताया कि घटना 11 बजे बाद की है। मैंने देखा कि एक कार वाले युवक से एक्टिवा को हल्की सी टक्कर लगी। टक्कर इतनी मामूली थी कि जैसे आम तौर पर देखने को मिलती है, फिर लोग बिना रुके चले जाते हैं, लेकिन एक्टिवा सवार काफी गुस्से में दिखा। उसने अपनी एक्टिवा साइड में खड़ी की और कार वाले को गालियां देने लगा। कार वाले भैय्या बहुत सीधे थे। उन्होंने एक्टिवा वाले से सॉरी भी कहा, लेकिन एक्टिवा वाले को लगा कि उसने गाली दी है। एक्टिवा वाले का शरीर काफी मोटा था, इसलिए वह पहलवानी दिखा रहा था। उसने कार वाले को थप्पड़ मार दिया। कार वाले ने भी अपना बचाव किया। फिर एक्टिवा वाला पहलवानी दिखाते हुए उससे झूमाझटकी करने लगा। कार वाला माफी मांग रहा था। फिर भी एक्टिवा वाला नहीं माना। हम सोच रहे थे कि चलकर छुड़ा देते हैं, तभी उनके बीच तेजी से विवाद हुआ। अचानक एक्टिवा वाले ने हाथ से कुछ ऐसा एक्शन किया कि कार वाला नीचे गिरा। वह संभल पाता तब तक पास से एक डंपर गुजर रहा था। उसका पहिया कार वाले के ऊपर चढ़ गया। 2 सेकंड में उसके ऊपर से पहिया निकला और मौत हो गई। यह देख एक्टिवा वाला अपनी गाड़ी लेकर भागा, लेकिन लोग उसके पीछे लगे। उसे पकड़ लिया। फिर पुलिस आई और उसे गिरफ्तार कर लिया।

30 वर्षीय सिद्धार्थ पिता सतीष सोनी की मौत हो गई।
कार वाला मुझे गाली दे रहा था, इसलिए विवाद किया : एक्टिवा सवार आरोपी
आरोपी विकास यादव ने बताया कि मुझे पीछे से कार की टक्कर लगी। हालांकि मुझे और मेरी एक्टिवा को नुकसान नहीं हुआ। मैं कार वाले के पास पहुंचा तो वह गालियां देने लगा। मुझे सहन नहीं हुआ तो हाथ उठा दिया। दोनों में झूमाझटकी होने लगी। इसी दौरान वह अचानक अन-बैलेंस होकर नीचे गिर गया। तभी डंपर ने उसे रौंद दिया। मैं खुद दुखी हूं कि मेरे कारण उसकी मौत हो गई।
गाली दे ही नहीं सकता सिद्धार्थ : दोस्त
सिद्धार्थ के दोस्तों ने बताया कि वह काफी सीधा था। वह गाली दे ही नहीं सकता, एक्टिवा वाले ने उसकी हत्या की है। पुलिस को हत्या का केस दर्ज करना चाहिए। सिद्धार्थ की दो साल पहले शादी हुई थी। चार दिन बाद एनीवर्सरी थी। पिता का डिटर्जेंट पॉवडर बनाने का कारखाना है। घर में मां, पत्नी और छोटी बहन है।