Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
शाजापुर2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
शाजापुर से होकर निकले नेशनल हाईवे पर ट्रक कटिंग की वारदात को अंजाम देकर हर दिन पुलिस को चुनौती देने वाले कंजरों का हौसला दिनोंदिन बढ़ने लगा है। पिछले दिनों सनकोटा के समीप पुलिस पर फायरिंग की घटना के बाद गुरुवार को फिर ग्राम बोरसाली के हाट बाजार में कंजर गिरोह ने सुंदरसी थाने पर पदस्थ टीआई, एसआई सहित चार पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात की सूचना मिलते ही एसडीओपी त्रिलोक सिंह तोमर, बेरछा थाना प्रभारी रवि भंडारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चार कंजरो में से एक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि 3 कंजर भाग निकले। बेरछा एसडीओपी तोमर के अनुसार हाट बाजार में चेकिंग के दौरान एक बिना नंबर की गाड़ी पर चार व्यक्तियों को जाते देख पुलिस ने उन्हें रोका। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान टीआई आर.के. बोडान, एसआई दीपक धुर्वे, सहित दो आरक्षकों ने एक कंजर को पकड़ लिया, जबकि तीन अन्य कंजर वहां से भाग निकले। लेकिन थोड़ी ही देर बाद ये कंजर लौटकर आए और पुलिस टीम पर अटैक कर दिया। पुलिसकर्मी संभले इससे पहले ही कंजरो ने उन पर चाकुओं से वार करना शुरू दिए। हमले में टीआई, एसआई सहित दो अन्य आरक्षक घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सर्चिंग शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक हमला करने वाले कंजर माधोपुर डेरे के रहने वाले हैं। वारदात की जानकारी लगते ही एसपी पंकज श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायल पुलिसकर्मियों सहित सुंदरसी टीआई से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
गिरफ्तार किए मिथुन कंजर का बदला लेने की चर्चा
कंजरो के दुस्साहस को लेकर क्षेत्र में यही चर्चा चलती रही कि सलसलाई थाना पुलिस द्वारा ग्रामीणों की मदद से गिरफ्तार किए गए इनामी बदमाश मिथुन कंजर कब बदला पुलिस से लिया गया हैl सूत्रों के अनुसार मिथुन कंजर के गिरफ्तारी के दौरान उसके पास ₹25000 नगद मिले थे इसे लेकर मिथुन कंजर के पत्नी ने पुलिस को सीधे एसपी से शिकायत करने की धमकी भी दी थी।
एक आरोपी गिरफ्त में, शेष को भी जल्द ही पकड़ेंगे
बेरछा एसडीओपी त्रिलोक सिंह तोमर ने बताया पुलिस पर हमला करने की वारदात सामने आई है जिसमें सुंदर सीटीआई थाने के एएसआई सहित दो आरक्षक को चोट आई है हमने एक आरोपी को गिरफ्तार ले लिया है शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।