नई दिल्ली: एडीलेड टेस्ट के निराशाजनक प्रर्दशन के बाद टीम इंडिया बॉक्सिंग डे टेस्ट में किस प्लेइंग इलेवन के साथ उतरेगी ये देखना दिलचस्प होगा. युवा सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ (Prithvi Shaw) की खराब फॉर्म जारी है, वहीं अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज रिद्धिमान साहा (Wriddhiman Saha) कुछ नहीं कर सके हैं. ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के लिए इन खिलाड़ियों की अंतिम एकादश में चुने जाने की संभावना कम है.
भारतीय टीम का बल्लेबाजी क्रम पहले टेस्ट में पूरी तरह फ्लॉप साबित हुआ. कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) के रहते टीम इंडिया का ये हाल हुआ, ऐसे में डर इस बात का है कि उनके बिना टीम का क्या होगा. वहीं अनुभवी रोहित शर्मा भी तीसरे टेस्ट से पहले टीम से नहीं जुड़ सकेंगे.
शुभमन गिल कर सकते हैं डेब्यू
सभी समीकरणों को देखा जाए तो अभ्यास मैचों में शानदार बल्लेबाजी करने वाले शुभमन गिल (Shubman Gill) को सलामी बल्लेबाज के तौर पर मौका मिल सकता है.
जहां तक शॉ (Prithvi Shaw) की बात है तो 21 साल के मुंबई के इस बल्लेबाज की तकनीक, खेल को लेकर स्वभाव और समग्र रवैये से भारतीय क्रिकेट गलियारों में कुछ गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
बल्लेबाजी में उनकी तकनीक में खामियों के साथ उनका क्षेत्ररक्षण भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के स्तर का नहीं है. आईपीएल के समय से ही उनके क्षेत्ररक्षण को लेकर सवाल उठ रहे हैं. आउटफील्ड में धीमे होने के साथ उन्होंने मार्नुस लाबुशेन का आसान कैच भी टपका दिया जिससे टीम के ऊपर 30 रन का अतिरिक्त बोझ पड़ा.
ऐसे में बॉक्सिंग डे टेस्ट में शुभमन गिल (Shubman Gill) का मैदान में उतरना लगभग तय है.
टीम इंडिया की हार पर बोले Shoaib Akhtar, ‘विराट के लिए ये हार एक बुरा सपना’
साहा की जगह पंत को मिल सकता है मौका
पहले टेस्ट की दोनों पारियों में नाकाम रहने वाले साहा (Wriddhiman Saha) टीम प्रबंधन का विश्वास जीतने में नाकाम रहे हैं, ऐसे में पंत को मौका मिलना तय है. पंत (Rishabh Pant) ने अभ्यास मैच में शतक लगाया था. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के पिछले दौरे (2018) पर भी एक शतकीय पारी खेली थी.
करियर के आखिरी पड़ाव पर चल रहे 36 साल के साहा की जगह टीम प्रबंधन अगले तीनों मैचों में पंत को आजमा सकता है. पंत (Rishabh Pant) का प्रदर्शन ऑस्ट्रेलिया में अगर अच्छा रहा तो उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट श्रृंखला में भी मौका मिलना तय है.
साहा (Wriddhiman Saha) का बल्ला ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका में खामोश ही रहा है. इन देशों में उनके नाम एक भी अर्धशतक नहीं है.
पूर्व चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान साहा और पंत को लेकर योजना थी. उन्होंने कहा, ‘मेरा मानना है कि पंत ने पिछले कुछ महीनों में अपनी फिटनेस में सुधार किया है और गुलाबी गेंद के अभ्यास के दौरान अच्छी लय में दिखे. ऐसे में अगले तीन टेस्ट में अगर उन्हें मौका मिलता है तो मैं टीम प्रबंधन का समर्थन करुंगा’.
मोहम्मद सिराज का डेब्यू तय
पितृत्व अवकाश पर गए कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) की जगह लोकेश राहुल (KL Rahul) को जगह मिलना तय है जबकि चोट के कारण सीरीज से बाहर हुए मोहम्मद शमी की जगह मोहम्मद सिराज का दावा मजबूत है.
कोहली की गैर मौजूदगी में भारतीय टीम हनुमा विहारी (Hanuma Vihari) को पांचवें क्रम पर बल्लेबाजी के लिए उतार सकती है. शमी की जगह टीम में स्थान पाने के लिए सिराज और नवदीप सैनी के बीच कड़ा मुकाबला है. हालांकि अभ्यास मैचों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले सिराज (Mohammed Siraj) का दावा अधिक मजबूत है