मेलबर्न: पूर्व क्रिकेटर रिकी पोंटिंग (Ricky Ponting) का मानना है कि एडिलेड (Adelaide) की शर्मनाक हार के बाद भारत के ‘गंभीर जख्म’ ताजा हो गए हैं और ये ऑस्ट्रेलिया (Australia) के पास 4 टेस्ट मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप करने का बेहतरीन मौका है.
भारत गुलाबी गेंद (Pink Ball) से खेले जा रहे पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में दूसरी पारी में अपने न्यूनतम स्कोर 36 रन पर आउट हो गया था. ऑस्ट्रेलिया (Australia) ने ये मैच 8 विकेट से जीतकर बॉर्डर-गावस्कर ट्राफी (Border-Gavaskar Trophy) में 1-0 से बढ़त बनाई.
यह भी पढ़ें- Aamir Khan के अवतार में नजर आए David Warner, वीडियो देखकर हंसने को मजबूर हो जाएंगे आप
रिकी पोंटिंग (Ricky Ponting) ने कहा, ‘अब कुछ गंभीर घाव खुल गए हैं. यह (क्लीन स्वीप का) अच्छा मौका हो सकता है. मेलबर्न में सकारात्मक परिणाम की उम्मीद रखिए और अगर हम ऐसा कर देते हैं तो फिर भारत के लिए वापसी करना और एक मैच जीतना मुश्किल हो जाएगा.’
टीम इंडिया (Team India) को बाकी बचे तीन टेस्ट मैचों में कप्तान विराट कोहली की कमी खलेगी जो अपने बच्चे के जन्म के कारण स्वदेश लौट जाएंगे और पोंटिंग ने कहा कि यह मेहमान टीम के लिये असली परीक्षा होगी जिसे अंजिक्य रहाणे की कप्तानी में वापसी करनी होगी.
रिकी पोंटिंग (Ricky Ponting) ने कहा, ‘हम उनके बारे में बहुत कुछ जानेंगे. विराट कोहली (Virat Kohli) के नहीं होने से उनके पास कोई ऐसा नहीं है जो उन्हें इस तरह की हार से वापसी दिला सके.’
भारत को 26 दिसंबर से शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट मैच के लिए अपनी बेस्ट प्लेइंग XI तलाशनी होगी क्योंकि युवा सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ (Prithvi Shaw) और विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा (Wriddhiman Saha) पहले टेस्ट में नहीं चल पाए थे.
(इनपुट-भाषा)