Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
ग्वालियर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
सर्दी के चलते नगर निगम ग्वालियर ने सार्वजनिक स्थान पर जलवाए अलाव।
- मंगलवार को न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री दर्ज हुआ
- सोमवार को अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री रहा था
साफ आसमान और तेज धूप ने दिन और रात के तापमान पर असर डालना शुरू कर दिया है। यही कारण है कि शहर में बीते दो दिन में रात का पारा 3 डिग्री और दिन का 4 डिग्री तक उछला है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। तापमान के बढ़ने पर ठंड का अहसास कम ही हुआ है। दिन की अपेक्षा रात को ठंड ज्यादा रही है।
अंचल में एक बार फिर मौसम बदला है। लगातार नीचे जा रहा तापमान पहले स्थिर हुआ और अब ऊपर की ओर जाने लगा है। इसके बाद भी प्रदेश में सबसे ज्यादा ठंड ग्वालियर-चंबल अंचल में पड़ रही है। मौसम वैज्ञानिक सीके उपाध्याय ने बताया कि अभी कोई सिस्टम नहीं होने के कारण आसमान साफ है और धूप तेज निकल रही है। इस कारण तापमान में अंतर आ रहा है। अगले 48 घंटे तक तापमान ऐसा ही रहेगा। 25 दिसंबर के आसपास नया पश्चिमी विक्षोभ तैयार हो रहा है। इसके आते ही पहाड़ों पर बर्फबारी होगी। बर्फबारी होते ही उत्तर भारत एक बार फिर ठंडी हवा की चपेट में आएगा और उससे तापमान नीचे गिरेगा। अभी दो दिन मौसम ऐसा ही रहने वाला है।
सुबह साढ़े आठ बजे पारा 8.8 डिग्री
मंगलवार को न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री दर्ज किया गया था। यह रात को साढ़े तीन बजे का आकंड़ा था। सुबह साढ़े पांच बजे तक यह 8.4 पर आ गया और सुबह के 8.30 बजे तक यह 8.8 पर आ गया है। इससे साफ है कि दिन में पारा लगातार बढ़ेगा।
सार्वजनिक स्थानों पर जलवाए अलाव
सर्दी को देखते हुए नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाना शुरू कर दिया है। सोमवार रात को शहर के प्रमुख स्थलों अचलेश्वर मंदिर, जेएएच परिसर, कमला राजा अस्पताल, बाड़ा, फूलबाग, बारादरी मुरार, शहर के सभी रैन बसेरा, शिंदे की छावनी, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, थाटीपुर और हजीरा में अलाव की व्यवस्था की है। इन अलाव के आसपास लोग बैठे दिखाई दिए हैं।