भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा टेस्ट मैच 26 दिसंबर से शुरू होगा.
भारत और ऑस्ट्रेलिया (India Vs Australia) के बीच दूसरा टेस्ट मैच मेलबर्न में 26 दिसंबर से खेला जाना है. ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ (Steve Smith) ने भारतीय टीम को पॉजिटिव रहने की सलाह दी है.
टीम इंडिया खुद को रखे पॉजिटिव
स्टीव स्मिथ ने सीरीज के आधिकारिक प्रसारणकर्ता सोनी नेटवर्क की आनलाइन प्रेस कांफ्रेंस में कहा, “देखिए, उस दिन हमने बेहतरीन तेज गेंदबाजी देखी थी. यह शायद पिछले लगभग पांच साल में हमारे गेंदबाजों का सामूहिक रूप से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. वे शानदार लेंथ से गेंदबाजी कर रहे थे. कभी कभी जब ऐसा होता है तो आपको अच्छी गेंद मिलती है और यह आपके बल्ले का किनारा लेती है और फील्डर कैच लपक लेता है…आपको इसे भूलकर आगे बढ़ना होता है और स्वयं को सकारात्मक मानसिकता में रखना होता है.”
करारी हार के बाद वह भारतीय टीम की मानसिकता के बारे में क्या सोचते हैं इस बारे में पूछने पर स्मिथ ने कहा, “प्रत्येक खिलाड़ी अलग होता है, वे अपने आउट होने के तरीके को कैसे देखते हैं, मैच खत्म होने के बाद वे इसके बारे में क्या सोचते हैं यह अलग होता है.” उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि हम आगे बढ़ें, खिलाड़ी अपने आप को व्यक्तिगत रूप से देखें, देखें कि वे क्या बेहतर कर सकते हैं.यह भी पढ़ें:
नहीं होगी IPL 2021 के लिए बड़ी नीलामी, मिनी ऑक्शन कराएगा बीसीसीआई!
मुंबई के नाइट क्लब में पार्टी करते गिरफ्तार किए गए सुरेश रैना, बाद में जमानत पर छूटे
भारत के पास हैं अच्छे गेंदबाज
स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की कलाई में फ्रेक्चर से भारत को दोहरा झटका लगा है क्योंकि कप्तान विराट कोहली भी पितृत्व अवकाश के कारण अंतिम तीन टेस्ट में नहीं खेल पाएंगे. स्मिथ ने कहा, “भारत के बारे में अधिक नहीं सोच रहा हूं और इस बारे में भी नहीं कि वे कैसे वापसी करेंगे. हमारे लिए यह सिर्फ इतनी बात है कि हमें क्या सही करने की जरूरत है.”
स्मिथ ने कहा कि शमी की गैरमौजूदगी के बावजूद भारत के पास नवदीप सैनी और मोहम्मद सिराज के रूप में अच्छे गेंदबाज मौजूद हैं. उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि वे दो स्तरीय गेंदबाज हैं जिनका टेस्ट करियर अच्छा हो सकता है. बेशक उन्हें इशांत शर्मा की कमी भी खल रही है जो अनुभव के लिहाज से उनके लिए बड़ा नुकसान है.” स्मिथ पहले टेस्ट में एक रन बनाने के बाद रविचंद्रन अश्विन का शिकार बने और इस स्टार बल्लेबाज ने कहा कि उन्होंने सबक सीख लिया है.