Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
सीहोर18 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
पिछले कुछ दिनों से जिले में कोरोना संक्रमण का असर कम हुआ है और संक्रमितों के रिकवर होने की संख्या बढ़ी है। मंगलवार को जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान सिर्फ 1 ही नया कोरोना संक्रमित सामने आया है, जबकि इस दिन 9 संक्रमित कोरोना को मात देकर ठीक हुए हैं। जिले में अब तक संक्रमितों की संख्या 2 हजार 586 तक पहुंच चुकी है। इनमें से 48 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 2 हजार 454 लोग कोरोना को मात देकर ठीक हो चुके हैं। मंगलवार को जिलेभर से कुल 403 लोगों के सैंपल लिए गए थे। वहीं जिले में सिर्फ 1 व्यक्ति की कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बताया जाता है कि जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है वह पुलिस लाइन का रहवासी है। इससे 51 दिन पहले भी एक व्यक्ति की ही रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। स्वास्थ्य विभाग के रिकार्ड पर नजर डालें तो 21 नवंबर को 24 घंटे के दौरान जिले में 2 लोगों की ही कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। जबकि 2 नवंबर, 8 नवंबर और 16 नवंबर को 24 घंटे के दौरान सिर्फ 3-3 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई थी। सीएमएचओ डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया के अनुसार जिले में अब तक कुल 2 हजार 586 कोरोना संक्रमित सामने आए हैं। इनमें से 2 हजार 454 संक्रमित ठीक हो चुके हैं।
अब तक 53 हजार से अधिक के लिए सैंपल
जिले में कोरोना जांच के लिए अब तक 53 हजार 166 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। मंगलवार को भी इनमें 403 लोगों के सैंपल लिए गए। इनमें से अब तक 50 हजार 106 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि 71 सैंपल रिजेक्ट हुए हैं। 403 की रिपोर्ट आना अब भी बाकी है। मंगलवार को जिले में सीहोर शहरी क्षेत्र से 18, श्यामपुर से 175, नसरुल्लागंज से 78, आष्टा से 33, बुदनी से 39 और इछावर से 60 लोगों के सैंपल कोरोना की जांच के लिए लिये गए हैं।