मेलबर्न: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 26 दिसंबर से होने वाले बॉक्सिंग डे टेस्ट के पहले टीम इंडिया (Team India) के लिए एक अच्छी खबर आ रही है. दरअसल, भारतीय टीम के धाकड़ ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) नेट्स पर प्रैक्टिस करने के लिए उतरे. जडेजा ने एक घंटे तक अभ्यास किया और सौराष्ट्र के अपने साथी चेतेश्वर पुजारा को गेंदबाजी भी की.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बुधवार को ट्विटर पर ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा का एक वीडियो शेयर किया. BCCI ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘देखें, नेट्स में कौन वापस आया है. रवींद्र जडेजा ने बॉक्सिंग डे टेस्ट की तैयारी शुरू कर दी है’.
भारतीय टीम मैनेजमेंट ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले बॉक्सिंग डे टेस्ट से पहले रवींद्र जडेजा पर करीबी नजर रखे हुए है. यह ऑलराउंडर मेलबर्न टेस्ट की प्लेइंग इलेवन (Playing XI) में शामिल हो सकता है. टी-20 इंटरनेशनल सीरीज के दौरान जडेजा के सिर में चोट लगी थी और इसके बाद उनके पैर की मांसपेशियों में भी खिंचाव आ गया था, जिसके कारण वह पहले टेस्ट से बाहर हो गए थे. भारत को पहले टेस्ट में हार का सामना करना पड़ा और इस दौरान जडेजा ने नेट पर वापसी की.
See, who is back in the nets. @imjadeja is here and has started preparing for the Boxing Day Test. #TeamIndia #AUSvIND pic.twitter.com/skKTgBOuyz
— BCCI (@BCCI) December 23, 2020
जडेजा फिट होते हैं, तो आंध्र प्रदेश के बल्लेबाज विहारी को प्लेइंग इलेवन से बाहर होना पड़ सकता है. विहारी के बाहर होने का कारण हालांकि एडिलेड में पहले टेस्ट में उनका खराब प्रदर्शन नहीं, बल्कि अजिंक्य रहाणे और रवि शास्त्री द्वारा सर्वश्रेष्ठ संयोजन उतारा जाना है. जडेजा अपने ऑलराउंड कौशल के आधार पर विहारी की जगह लेंगे. साथ ही इससे हमें एमसीजी पर 5 गेंदबाजों के साथ उतरने का विकल्प मिलेगा.
जडेजा ने 49 टेस्ट में 35 से अधिक की औसत से 1869 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के पिछले दौरों पर अर्धशतक जड़े थे. दूसरी तरफ विहारी ने 10 टेस्ट में 576 रन बनाए हैं, जिसमें वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक के अलावा चार अर्धशतक शामिल हैं.