ICC ODI Player of the Decade: Virat Kohli बने दुनिया के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर, Dhoni को मिला ये खास सम्मान

ICC ODI Player of the Decade: Virat Kohli बने दुनिया के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर, Dhoni को मिला ये खास सम्मान


दुबई: टीम इंडिया कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) को आईसीसी ने इस दशक के सर गारफील्ड सोबर्स अवॉर्ड से नवाजा है. यह पुरस्कार हर फ़ॉर्मेट में अपनी छाप छोड़ने वाले दशक के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को दिया जाता है. आईसीसी ने एक बयान जारी कर इस दशक के कई अवॉर्ड्स की घोषणा की.

सर गारफील्ड सोबर्स के अलावा कोहली (Virat Kohli) आईसीसी द्वारा इस दशक के सर्वश्रेष्ठ पुरुष वनडे क्रिकेटर चुने गए हैं.

सर गारफील्ड सोबर्स अवार्ड उस खिलाड़ी को दिया जाता है, जिसने टेस्ट, वनडे और टी-20, तीनों प्रारूपों में अच्छा किया हो. कोहली ने इस रेस में हमवतन रविचंद्रन अश्विन, ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ और न्यूजीलैंड के केन विलियम्सन जैसे खिलाड़ियों को पछाड़ा है.

 

वहीं आईसीसी के इस दशक के सर्वश्रेष्ठ पुरुष वनडे खिलाड़ी का अवॉर्ड भी कोहली के नाम रहा है. यहां कोहली ने महेंद्र सिंह धोनी, श्रीलंका के कुमार संगकारा, लसिथ मलिंगा, भारत के ही रोहित शर्मा, ऑस्ट्रेलिया के मिशेल स्टार्क को पीछे छोड़ा है.

 

कोहली (Virat Kohli) हालांकि इस दशक के सर्वश्रेष्ठ पुरुष टेस्ट क्रिकेटर के अवॉर्ड में ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ से रेस हार गए. कोहली के अलावा स्मिथ ने इस रेस में इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन, जोए रूट, न्यूजीलैंड के केन विलियम्सन को पीछे किया.

अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान को आईसीसी ने इस दशक का सर्वश्रेष्ठ टी-20 क्रिकेटर चुना है. राशिद ने टी-20 में तमाम देशों की लीगों में हिस्सा ले धूम मचाई तो अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी वह बेहद कामयाब रहे. रेस में वेस्टइंडीज के क्रिस गेल, आस्ट्रेलिया के एरॉन फिंच, भारत के विराट कोहली, रोहित शर्मा, दक्षिण अफ्रीका के इमरान ताहिर, राशिद से पीछे रहे गए.

भारत को दो बार विश्व विजेता बनाने वाले कप्तान धोनी भी एक अवॉर्ड अपने नाम करने में सफल रहे हैं, जो उन्हें उनकी खेल भावना दर्शाने के लिए दिया गया है. धोनी ने 2011 में इंग्लैंड दौरे पर ट्रेंट ब्रिज मैदान पर खेले गए टेस्ट मैच में मेजबान टीम के बल्लेबाज इयान बेल को विवादित रन आउट के बाद वापस बल्लेबाजी के लिए बुलाया था.

आईसीसी ने इसके लिए धोनी को इस दशक का स्प्रिट ऑफ क्रिकेट अवॉर्ड दिया है.

 





Source link